नई दिल्ली। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। आयोग ने लिखित परीक्षा और इंटरव्यू (पर्सनैलिटी टेस्ट) के आधार पर मेरिट सूची जारी की है, जिसमें कुल 958 उम्मीदवारों को विभिन्न सेवाओं में नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया गया है।
इस बार ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल कर राजस्थान के रावतभाटा के अनुज अग्निहोत्री ने इतिहास रच दिया है। अनुज ने मेडिकल क्षेत्र में पढ़ाई करते हुए एम्स जोधपुर से एमबीबीएस की डिग्री प्राप्त की।
अनुज ने वर्ष 2017 में एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू की थी। पढ़ाई के दौरान ही उन्हें महसूस हुआ कि समाज में बदलाव लाने के लिए केवल ज्ञान ही नहीं, बल्कि अधिकार और जिम्मेदारी भी जरूरी है। इसी सोच के साथ उन्होंने अपने माता-पिता से चर्चा की और सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी। तीसरे प्रयास में उन्होंने देशभर में पहला स्थान हासिल किया।
उनके पिता कृष्ण बिहारी राजस्थान परमाणु ऊर्जा स्टेशन में तकनीशियन हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं। अनुज ने प्रारंभिक शिक्षा रावतभाटा के एटॉमिक एनर्जी सेंट्रल स्कूल से प्राप्त की और 10वीं की परीक्षा वहीं से उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने कोटा के एम.बी. पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल से 12वीं की पढ़ाई पूरी की।
मेडिकल प्रवेश परीक्षा में सफलता मिलने के बाद उन्होंने एम्स जोधपुर से एमबीबीएस की पढ़ाई की और वर्ष 2023 में मेडिकल इंटर्नशिप पूरी की। इसके बाद उन्होंने पूरी तरह से सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी पर ध्यान केंद्रित किया और अब देशभर में टॉपर बने हैं।
UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 की मुख्य लिखित परीक्षा अगस्त 2025 में आयोजित की गई थी। इसमें सफल अभ्यर्थियों के लिए फरवरी 2026 में इंटरव्यू आयोजित किए गए। इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी होने के बाद आयोग ने अब अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है।

