पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए मतदान पूरा हो गया है। दूसरे चरण में 3 करोड़ 70 लाख से अधिक मतदाता 122 सीटों पर 1302 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला ईवीएम में कैद कर चुके हैं। इनमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई वाली सरकार के आधा दर्जन से अधिक मंत्री भी शामिल हैं। दूसरे चरण में 45,399 मतदान केंद्रों पर वोट डाले गए, जिनमें से 40,073 मतदान केंद्र ग्रामीण इलाकों में हैं।
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में शाम छह बजे 68.55 फीसदी मतदान हुआ। इससे पहले सबसे ज्यादा मतदान वर्ष 2000 के विधानसभा चुनाव में हुआ था, जो 62.57 फीसदी था। 2025 के बिहार विधानसभा के दूसरे चरण में 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदान हुआ। इनमें सबसे अधिक वोटिंग कसबा विधानसभा में हुई। यहां का मतदान प्रतिशत 80.89 रहा। वहीं, नवादा विधानसभा में सबसे कम 54.83 फीसदी वोटिंग हुई। चुनाव के पहले चरण में 121 सीटों के लिए मतदान हुआ था, जिसमें 65% से अधिक पोलिंग दर्ज हुई थी।
दूसरे चरण में पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज सहित नेपाल सीमा से सटे जिलों में मतदान हुआ। सुरक्षित और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए राज्यभर में चार लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे।

