लखनऊ। आम आदमी पार्टी में प्रदेश के वरिष्ठ नेता एवं बुंदेलखंड के नेता, पेशे से वकील अरुण सिंह चंदेल ने प्रवक्ता पद से इस्तीफ़ा दे दिया है। उन्होंने बताया, मैं अब तक आम आदमी पार्टी में प्रवक्ता उत्तर प्रदेश के पद पर कार्यरत था, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों और पार्टी के व्यवहार के कारण मुझे मजबूरी में यह निर्णय लेना पड़ रहा है। उन्होंने बताया, पार्टी की ओर से उचित प्रतिक्रिया का अभाव था। मेरे द्वारा उठाए गए मुद्दों और चिंताओं पर पार्टी नेतृत्व की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। बुंदेलखंड क्षेत्र के विकास और पार्टी की नीतियों को लेकर मेरी चिंताएं अनसुनी रहीं और मुझे उस क्षेत्र का प्रभार नहीं दिया गया। उन्होंने आगे कहा, राज्य में पार्टी कल्याण के कई मामलों में राज्य के कुछ पदाधिकारियों ने सहयोग नहीं किया और संगठनात्मक कार्यों में रुचि नहीं दिखाई। पार्टी के वरिष्ठ नेता संगठनात्मक कार्यों और पार्टी कल्याण के लिए समय नहीं दे पाए।
चंदेल ने बताया गत दस माह से पार्टी के शीर्ष पदाधिकारी किसी भी कार्यकर्ता की बात नहीं सुनते थे, संगठन में कई गुट बने हुए है, उप्र में संगठन बिल्कुल शून्य है, उप्र में आप पार्टी अखिलेश के पीछे चलती है। इस्तीफ़ा स्पीड पोस्ट से पार्टी प्रमुख़ /राष्ट्रीय संयोजक अरविन्द केजरीवाल एवं संजय सिंह, सांसद एवं प्रभारी उत्तर प्रदेश को भेज दिया गया है।

