Breaking News

गांव स्तर पर आधार सेवा से डिजिटल सशक्तिकरण को मिलेगी नई मजबूती : ओमप्रकाश राजभर

लखनऊ। पंचायती राज विभाग द्वारा प्रदेश की ग्राम पंचायतों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में ग्राम स्तर पर आधार सेवाओं की शुरुआत करते हुए प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ब्लॉक सरोजनीनगर की ग्राम पंचायत भटगनवां पांडेय तथा चिनहट ब्लॉक की सैरपुर ग्राम पंचायत में आधार सेवाएं सफलतापूर्वक प्रारंभ कर गईं। इन दोनों ग्राम पंचायतों में अब तक 40 से अधिक ग्रामीण नागरिकों को आधार से संबंधित सेवाएं प्रदान की जा चुकी हैं, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है और उन्हें अब शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।
यह पहल पंचायत स्तर पर नागरिक सेवाओं की सहज, पारदर्शी और सुलभ उपलब्धता की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। विभाग की योजना के अनुसार, पहले चरण में प्रदेश की 1000 ग्राम पंचायतों में आधार सेवाएं प्रारंभ की जाएंगी, जिसके बाद इसे चरणबद्ध तरीके से प्रदेश की सभी 57,694 ग्राम पंचायतों तक विस्तारित किया जाएगा।
इस महत्वाकांक्षी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु पंचायती राज विभाग द्वारा पंचायत सहायकों का व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। अब तक 800 से अधिक पंचायत सहायकों को प्रारंभिक प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जबकि शेष पंचायत सहायकों का प्रशिक्षण कार्य प्रगति पर है।
इस अवसर पर पंचायतीराज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि ‘ग्राम स्तर पर आधार सेवाओं की शुरुआत ग्रामीणों के जीवन को आसान बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। यह पहल न केवल समय और संसाधनों की बचत करेगी, बल्कि पंचायतों को आत्मनिर्भर और सक्षम भी बनाएगी।’
वहीं निदेशक, पंचायती राज विभाग अमित कुमार सिंह ने कहा कि ‘पंचायती राज विभाग ग्राम पंचायतों को डिजिटल रूप से सशक्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। आधार सेवाओं की यह शुरुआत पंचायतों को नागरिक सेवा केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी। आने वाले समय में इसका लाभ प्रदेश के हर गांव तक पहुँचेगा।’
ग्राम पंचायत स्तर पर आधार सेवाओं की यह पहल डिजिटल इंडिया और सशक्त पंचायतों के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक सफल और प्रेरणादायक शुरुआत मानी जा रही है।

About rionews24

Check Also

मुख्यमंत्री योगी ने किया अस्पताल का उद्घाटन, बोले अब हर जिले में मेडिकल कॉलेज

नोएडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-10 में 200 करोड़ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *