Breaking News

राष्ट्रपति ने पंजाब विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में भाग लिया, छात्रों को किया संबोधित

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु बुधवार को चंडीगढ़ में पंजाब विश्वविद्यालय के 72वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर सम्मिलित हुईं और छात्रों को संबोधित किया। इस कार्यक्रम के दौरान, विश्वविद्यालय ने 1,091 पीजी और पीएचडी की डिग्री प्रदान की, मेधावी छात्रों को 43 स्वर्ण पदक प्रदान किए और प्रतिष्ठित व्यक्तियों को पांच मानद कौसा (डी. लिट.) की डिग्री प्रदान की। 

इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि पिछले 140 वर्षों में पंजाब विश्वविद्यालय उच्च शिक्षा के एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित हुआ है। इस विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक, खेल, शोध और सांस्कृतिक क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्हें यह जानकर प्रसन्नता हुई कि इस विश्वविद्यालय ने 17 बार मौलाना अबुल कलाम आज़ाद ट्रॉफी जीती है। उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय के एथलीटों के समर्पण और दृढ़ संकल्प का प्रमाण है। विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों मनु भाकर और सरबजोत सिंह ने 2024 पेरिस ओलंपिक में पदक जीतकर देश को बेहद गौरवान्वित किया है। राष्ट्रपति ने शिक्षा-उद्योग संबंध को बढ़ावा देने के लिए पंजाब विश्वविद्यालय की सराहना की। उन्होंने विश्वविद्यालय के नीति निर्माताओं से विश्वविद्यालय-उद्योग संबंध और भविष्य की तैयारी पर अधिक काम करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में विषय अनुप्रयोग आधारित शिक्षा होनी चाहिए। शिक्षा से विद्यार्थियों को उनकी जीवन यात्रा में सहायता मिलनी चाहिए। 

राष्ट्रपति ने कहा कि आने वाला समय चुनौतीपूर्ण होगा और प्रतिस्पर्धा की भावना में वृद्धि होगी। इसलिए यह महत्वपूर्ण है कि प्रत्येक विद्यार्थी चुनौतियों का सामना करने के लिए सकारात्मक मानसिकता और उन्नत कौशल से युक्त हो। उभरती प्रौद्योगिकियों का ज्ञान प्राप्त करना और उनका निरंतर विकास करते हुए उनका उचित उपयोग करने की क्षमता सफलता के लिए आवश्यक होगी।

राष्ट्रपति ने विद्यार्थियों से कहा कि यह उनके लिए गर्व की बात है कि उन्हें इस प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय में पढ़ने का अवसर मिला। इस विश्वविद्यालय ने समाज को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, नोबेल पुरस्कार विजेताओं से लेकर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कई महान व्यक्तित्व दिए हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से इस विरासत को आगे बढ़ाने का आग्रह किया। राष्ट्रपति ने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने प्रयासों और दूरदर्शी सोच के माध्यम से समाज, राष्ट्र और विश्व के लिए प्रभावी योगदान दे सकते हैं और अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।

About rionews24

Check Also

इंदौर में स्थापित होगा देश का पहला पीपीपी ग्रीन वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित किया जाएगा

इंदौर। स्वच्छ भारत मिशन-शहरी के तहत भारत के पहले पीपीपी-मॉडल आधारित हरित अपशिष्ट प्रसंस्करण संयंत्र …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *