इमरान संभलशाही और अरुण सिंह चंदेल को मिली जिम्मेदारी, मीडिया टीम को मिलेगी मजबूती
लखनऊ। आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश ने संगठन विस्तार के तहत साहित्यकार-शिक्षक इमरान संभलशाही और वरिष्ठ पत्रकार अरुण सिंह चंदेल को प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त किया है। प्रदेश प्रभारी एवं सांसद संजय सिंह की स्वीकृति के बाद पार्टी के मुख्य प्रवक्ता वंशराज दुबे ने दोनों नियुक्तियों की घोषणा की।
वंशराज दुबे ने कहा कि दोनों नए प्रवक्ताओं के अनुभव से पार्टी की मीडिया टीम को वैचारिक और जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने की रणनीति पर काम कर रही है।
साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय इमरान संभलशाही के तीन कविता संग्रह और एक कहानी संग्रह प्रकाशित हो चुके हैं। उन्हें साहित्य भूषण सम्मान समेत कई पुरस्कार मिल चुके हैं। नियुक्ति के बाद उन्होंने कहा कि शिक्षकों, छात्रों, शिक्षित बेरोजगार युवाओं और आम जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता होगी।
वहीं, लंबे समय से पत्रकारिता से जुड़े अरुण सिंह चंदेल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों और आम लोगों की समस्याओं को मीडिया के माध्यम से प्रमुखता से उठाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के अपने अनुभव का इस्तेमाल जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से सामने रखने के लिए करेंगे।
पार्टी ने दोनों नियुक्तियों को प्रदेश में अपने संगठन और मीडिया अभियान को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

