नई दिल्ली। भारतीय बैडमिंटन स्टार लक्ष्य सेन ने रविवार को ऑस्ट्रेलियन ओपन सुपर 500 का खिताब अपने नाम कर लिया। सिडनी स्पोर्ट्स सेंटर में खेले गए फाइनल मुकाबले में उन्होंने जापान के युशी तनाका को सीधे गेम में 21-15, 21-11 से मात दी। यह मुकाबला सिर्फ 38 मिनट में खत्म हो गया।
उत्तराखंड के अल्मोड़ा के रहने वाले 24 वर्षीय लक्ष्य सेन, पेरिस ओलंपिक में चौथा स्थान हासिल करने के बाद लंबे समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे थे, लेकिन ऑस्ट्रेलियन ओपन ने उनके करियर में नई ऊर्जा भर दी। सेमीफाइनल में उन्होंने चीनी ताइपे के दिग्गज खिलाड़ी चोउ तिएन चेन को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।
विश्व रैंकिंग में 26वें स्थान पर काबिज युशी तनाका इस साल ऑरलियंस मास्टर्स और यूएस ओपन (दोनों सुपर 300) जीत चुके हैं। इसके बावजूद लक्ष्य ने उनके खिलाफ शानदार कंट्रोल, सटीक प्लेसमेंट और आक्रामक खेल दिखाया। तनाका लगातार नेट और बैकलाइन पर गलतियां करते रहे, जिसका लक्ष्य ने पूरा फायदा उठाया।
उन्होंने 6-3 की बढ़त बनाते हुए मैच पर पकड़ मजबूत की। ब्रेक तक लक्ष्य 11-8 से आगे थे। उनका खेल इतना नियंत्रण में था कि उन्होंने 5 गेम पॉइंट हासिल किए और पहले ही अवसर पर गेम जीत लिया।
दूसरा गेम पूरी तरह वन-साइडेड रहा। लक्ष्य ने शुरुआत में ही 8-4 की बढ़त बना ली। नेट पर एक महत्वपूर्ण रैली जीतने के बाद स्कोर 13-6 हुआ और फिर लगातार तेज स्मैश से उन्होंने 19-8 की बढ़त बना ली। लक्ष्य के पास 10 मैच पॉइंट थे। पहला मौका चूके, लेकिन अगले ही पॉइंट पर तेज क्रॉस-कोर्ट विनर के साथ मैच और खिताब दोनों अपने नाम कर लिए।

