नोएडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-10 में 200 करोड़ रुपये की लागत से बने एक निजी अस्पताल का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी पहचान के लिए मोहताज रहा उत्तर प्रदेश आज विकास का इंजन बन चुका है। प्रदेश में निवेश के साथ-साथ सेवाओं का भी विस्तार हो रहा और राज्य सरकार हर क्षेत्र में सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि गौतमबुद्धनगर (नोएडा) में फिल्म सिटी और मेडिकल डिवाइस पार्क जैसे बड़े प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। ये प्रदेश को नई पहचान देंगे।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पहले प्रदेश की पहचान एक जनपद, एक माफिया के रूप में होती थी, लेकिन अब सरकार एक जनपद, एक मेडिकल कॉलेज की दिशा में काम कर रही है। इससे स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा और लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि बेहतर और सस्ती स्वास्थ्य सेवाएं हर नागरिक का अधिकार हैं। सरकार इस दिशा में लगातार प्रयास कर रही है।
सीएम ने बताया कि केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना के तहत देश के लगभग 60 करोड़ और उत्तर प्रदेश के करीब 5.60 करोड़ लोगों को गोल्डन कार्ड के माध्यम से उपचार की सुविधा मिल रही है। उन्होंने निजी क्षेत्र की भागीदारी को स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए बेहद जरूरी बताया।
उन्होंने कहा कि डॉक्टर का अच्छा व्यवहार मरीज की आधी बीमारी को दूर कर देता है। इसी संदर्भ में उन्होंने भारतीय क्रिकेट के दिग्गज कपिल देव का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह उनकी कप्तानी में टीम का आत्मविश्वास बढ़ता था, उसी तरह डॉक्टर का सकारात्मक रवैया मरीज को जल्दी स्वस्थ होने में मदद करता है।
उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच के साथ प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। वर्ष 2014 तक देश में केवल छह एम्स थे। अब बढ़कर 23 हो चुके हैं। उत्तर प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 17 से बढ़कर 81 हो गई है। उन्होंने बताया कि 300 बेड वाले इस अस्पताल के संचालन से लगभग एक हजार लोगों को रोजगार भी मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान सांसद डॉ. महेश शर्मा, प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह, भारतीय क्रिकेट जगत के गौरव हॉस्पिटल के संस्थापक एवं निदेशक कपिल देव, विधायक तेजपाल नागर, अस्पताल के प्रमोटर सुनील कुमार गुप्ता, डॉ. अजिंक्य डीवाई पाटिल आदि मौजूद थे।

