अहमदाबाद। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए टी20 विश्वकप 2026 के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 255 रन बनाए और जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई।
भारत को शानदार शुरुआत संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने दिलाई। अभिषेक ने 21 गेंदों में छह चौके और तीन छक्के की मदद से 52 रन बनाए। वहीं संजू सैमसन ने लगातार तीसरा अर्धशतक लगाया और 46 गेंदों में पांच चौके व आठ छक्कों की मदद से 89 रन की धमाकेदार पारी खेली। ईशान किशन ने भी 25 गेंदों में 54 रन बनाए।
भारत की पारी में चौकों-छक्कों की बरसात हुई और दर्शकों ने हर शॉट पर तालियों से स्टेडियम गूंजा दिया। दूसरी ओर न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। पहले विकेट के लिए टिम सीफर्ट और फिन एलन ने तेज गति से 31 रन जरूर जोड़े। लेकिन पहला विकेट गिरने के बाद कीवी टीम बिखर गई। न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा रन टिम सीफर्ट ने बनाए। उन्होंने 26 गेंदों पर 2 चौके और पांच छक्के की मदद से 52 रन की पारी खेली। कीवी टीम की तरफ से सात बल्लेबाज सिंगल डिजिट स्कोर में ही आउट हुए। सिर्फ 72 के स्कोर पर न्यूजीलैंड की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। डेरिल मिचेल ने इस मुकाबले में 11 बॉल में 17 रन बनाए। न्यूजीलैंड की तरफ से दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज कप्तान मिचेल सैंटनर रहे, उन्होंने 35 बॉल में 43 रन की पारी खेली।
टीम इंडिया की गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह सबसे चमकदार रहे। उन्होंने घातक स्पेल डालते हुए चार विकेट झटके। वहीं अक्षर पटेल ने तीन विकेट हासिल किए। कीवी टीम 19वें ओवर में ही 159 रन पर सिमट गई।

