हरियाणा। 10 नगर निगमों के मेयर चुनाव के नतीजे आ गए हैं। मानेसर निगम में निर्दलीय उम्मीदवार डॉ. इंद्रजीत यादव ने जीत दर्ज की। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार सुंदर लाल को हराया। इंद्रजीत यादव ने खुद को केंद्रीय राज्यमंत्री व गुरुग्राम से भाजपा सांसद राव इंद्रजीत के करीबी बताकर प्रचार किया था। वहीं, भाजपा रोहतक, हिसार, करनाल, अंबाला, सोनीपत और फरीदाबाद नगर निगम में मेयर का चुनाव जीत गई है। कांग्रेस सभी निगमों में पिछड़ी गई है।
तीन बार कलानौर हलके से विधानसभा चुनाव हार चुके पार्टी के मेयर प्रत्याशी रामअवतार वाल्मीकि ने कांग्रेस प्रत्याशी सूरजमल किलोई को 45 हजार 191 हजार वोटों के अंतर से मात दी। खास बात यह रही कि लोकसभा व विधानसभा चुनाव में जाट बाहुल्य वार्डों में जहां कांग्रेस ने जीत हासिल की थी, वहां भाजपा मेयर चुनाव में भारी पड़ी। नॉन जाट बाहुल्य वार्डों में तो कांग्रेस को करारी हार मिली है। 13 राउंड चली मतगणना में कांग्रेस भाजपा को एक भी राउंड में नहीं हरा सकी।
नवनिर्वाचित मेयर नगर निगम रामअवतार वाल्मीकि ने कहा, रोहतक रोहतक शहर की जनता ने एक बार फिर भाजपा की नीतियों में विश्वास व्यक्त किया है। साथ ही केंद्र व राज्य के बाद शहर में भी भाजपा की सरकार बनी है। अब ट्रिपल इंजन की सरकार शहर का विकास लगातार करवाएगी। जीत की एक वजह केंद्र व राज्य में चल रही भाजपा सरकार की नीतियों व विकास कार्य भी हैं।
सूरजमल किलोई, मेयर प्रत्याशी कांग्रेस ने कहा, केंद्र व राज्य में भाजपा की सरकार है। इसलिए लोगों के मन था कि भाजपा प्रत्याशी जीतकर काम करवाएं। हालांकि कांग्रेस को भी अच्छे वोट मिले हैं। वे जनता के बीच रहकर लोगों की आवाज उठाएंगे। साथ ही विकास कार्यों में भाजपा मेयर का सहयोग करेंगे।
खरखौदा नगरपालिका चुनाव में बीजेपी कब्जा जमाने में कामयाब रही है। भाजपा प्रत्याशी हीरा लाल इंदौरा ने भारी बहुमत के साथ जीत हासिल की है। उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी मैक्सिन ठेकेदार को हराने का काम किया है। जबकि वार्ड पार्षदों के मुकाबले में भी दो वार्डों में कांटे की टक्कर देखने को मिली। जिसमें वार्ड चार में जसबीर ने पूर्व पार्षद मोहन दहिया को तीन मतो से मात देने का काम किया। जबकि वार्ड नौ में संजय पंवार ने कांटे की टक्कर में संदीप को मात्र एक वोट से हराने का काम किया है।
नगर पालिका रादौर के अध्यक्ष पद भाजपा अपनी झोली में डालने में कामयाब रही। यहां भाजपा प्रत्याशी रजनीश मेहता ने 1904 वोट लेकर निकट प्रतिद्वंधी आजाद उम्मीदवार दलीप कुमार उर्फ रिंकू को 482 वोट से हराया। दलीप को 1422 वोट हासिल हुए। इसके अलावा आजाद प्रत्याशी महिंद्र को 533, अजय को 456, सतविंद्र को 141 वोट पड़े, वहीं 31 लोगों ने नोटा बटन भी दबाया।
सोनीपत नगर निगम मेयर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी राजीव जैन ने कांग्रेस प्रत्याशी कमल दीवान को 34,766 वोटों के बड़े अंतर से हराकर जीत दर्ज की। मतगणना पूरी होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया।
निकाय चुनाव में कांग्रेस की करारी हार पर सीनियर कांग्रेस नेता और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हार से कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि जहां चुनाव हो रहे हैं, वहां कांग्रेस पहले भी नहीं थी।