Breaking News

जनभागीदारी और पारदर्शिता से गांवों के विकास को मिलेगी गति : पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर

लखनऊ। पंचायती राज विभाग द्वारा क्षेत्र पंचायत प्रमुखों के लिए राज्य स्तरीय एक दिवसीय विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रमुख सचिव अनिल कुमार उपस्थित हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर, प्रमुख सचिव अनिल कुमार तथा मिशन निदेशक, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) गुंजन द्विवेदी व उत्तर प्रदेश ब्लॉक प्रमुख संघ के अध्यक्ष धीरेन्द्र प्रताप सिंह सेनानी द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।

कार्यक्रम के दौरान पंचायती राज विभाग की विभिन्न योजनाओं, नवाचारों एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिभागियों को योजनाओं के बेहतर संचालन, पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा जनभागीदारी को बढ़ाने के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया। विभिन्न सत्रों में पंचायतों की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने एवं प्रशासनिक समन्वय को सशक्त करने पर विशेष बल दिया गया। इस अवसर पर प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए पंचायत स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए, जिससे पंचायतों को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें।

कार्यशाला के दौरान उत्तर प्रदेश ब्लॉक प्रमुख संघ के अध्यक्ष धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘सेनानी’ ने सभी क्षेत्र पंचायत प्रमुखों की ओर से पंचायती राज मंत्री को 10 सूत्रीय मांगों को लेकर अपना ज्ञापन सौंपा। मंत्री ने उत्तर प्रदेश ब्लॉक प्रमुख संघ द्वारा प्रस्तुत 10 सूत्रीय मांग पत्र पर सकारात्मक संज्ञान लेते हुए आश्वस्त किया कि सभी मांगों का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कराया जाएगा तथा जनहित में उपयुक्त मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि यह कार्यशाला ग्रामीण विकास की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने क्षेत्र पंचायत प्रमुखों को पंचायती राज व्यवस्था की सशक्त कड़ी बताते हुए उनकी भूमिका को नेतृत्वकारी एवं परिणामोन्मुखी बताया। उन्होंने वर्ष 2026-27 के लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति, लंबित कार्यों के शीघ्र निस्तारण एवं निधियों के प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि सुदृढ़ कार्ययोजना, पारदर्शिता एवं जनभागीदारी के माध्यम से ही समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सकता है। स्वच्छता, जल संरक्षण एवं अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में ब्लॉक स्तर पर मॉडल स्थापित करने पर भी उन्होंने बल दिया।

कार्यशाला में संयुक्त निदेशक एसएन सिंह, उत्तर प्रदेश ब्लाक प्रमुख संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष यशवंत सिंह, महामंत्री त्रिपुर मिश्रा सहित प्रदेश भर से आए क्षेत्र पंचायत प्रमुखों ने प्रतिभाग किया।

About rionews24

Check Also

झांसी में बनेगा आधुनिक पशु चिकित्सालय, घायल और निराश्रित पशुओं को मिलेगा नया सहारा

लखनऊ। सड़क हादसों में घायल होने वाले और निराश्रित पशुओं के लिए झांसी में आधुनिक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *