Breaking News

पल्लवी पटेल का ऐलान- 2027 में सिराथू से ही लड़ेंगी चुनाव, रोजगार और भागीदारी के मुद्दे पर यात्रा शुरू

वाराणसी। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की सियासी सरगर्मी के बीच अपना दल (कमेरावादी) ने रोजगार और सामाजिक भागीदारी के मुद्दे पर प्रदेशव्यापी अभियान शुरू कर दिया है। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल के नेतृत्व में गुरुवार को सारनाथ से रोजगार एवं भागीदारी यात्रा का आगाज हुआ। इस दौरान विधायक पल्लवी पटेल ने अपने चुनावी इरादे भी साफ कर दिए। उन्होंने ऐलान किया कि 2027 का विधानसभा चुनाव वह सिराथू सीट से ही लड़ेंगी।

पल्लवी पटेल ने कहा कि सिराथू ने उन्हें पहचान और सम्मान दिया है। इस क्षेत्र की जनता से उनका जुड़ाव है, इसलिए आगामी चुनाव में भी वह इसी विधानसभा क्षेत्र से मैदान में उतरेंगी। यात्रा की शुरुआत से पहले उन्होंने सारनाथ में सुहेलदेव राजभर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद रोजगार, संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण और पिछड़े वर्गों की राजनीतिक भागीदारी जैसे मुद्दों को उठाया।

संविदा व्यवस्था पर सरकार को घेरा

पल्लवी पटेल ने भाजपा सरकार पर युवाओं और संविदा कर्मियों के हितों की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अनुदेशक, पंचायत सहायक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और शिक्षामित्र जैसे हजारों लोग सरकारी योजनाओं को जमीन पर लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन उन्हें सरकारी कर्मचारी का दर्जा और उससे जुड़े अधिकार नहीं मिल रहे हैं।

उन्होंने सवाल उठाया कि सरकारी काम कराने के लिए संविदा व्यवस्था तो खड़ी कर दी गई, लेकिन कर्मचारियों को स्थायी सुरक्षा और सम्मान देने की मांग पर सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही। पल्लवी ने युवाओं से रोजगार और अधिकारों के सवाल पर आवाज बुलंद करने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि अपने हक की मांग करने वाले युवाओं की आवाज दबाने की कोशिश की जाती है।

ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन को दी शुभकामनाएं

लखनऊ में असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की संयुक्त रैली और गठबंधन पर प्रतिक्रिया देते हुए पल्लवी पटेल ने दोनों नेताओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक राजनीतिक संगठन को अपने विचार, मुद्दे और एजेंडे के साथ जनता के बीच जाने का अधिकार है। किसी भी राजनीतिक पहल को इसी लोकतांत्रिक दृष्टिकोण से देखा जाना चाहिए।

भाजपा के खिलाफ विपक्षी एकता पर जोर

2027 के विधानसभा चुनाव में गठबंधन की संभावनाओं पर पल्लवी पटेल ने भाजपा विरोधी दलों की एकजुटता को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि मौजूदा राजनीति में दो धाराएं दिखाई दे रही हैं। एक भाजपा के साथ है और दूसरी उसे सत्ता से हटाने के लिए प्रयासरत है। संविधान और लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले सभी संगठनों को मिलकर काम करना चाहिए।

समाजवादी पार्टी के साथ 2022 के चुनावी गठबंधन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उस गठबंधन के साथ चुनाव लड़ने पर पार्टी को 12 प्रतिशत अधिक वोट मिले थे। उनके मुताबिक, जनता का विश्वास हासिल करने का सिलसिला जारी है और 2022 से 2027 तक पार्टी की लड़ाई सड़क से सदन तक चलती रहेगी।

पल्लवी ने कहा कि 2027 में भाजपा की वापसी आसान नहीं होगी। विपक्ष की बड़ी ताकत खड़ी होगी और वह उसी राजनीतिक शक्ति के साथ रहेंगी, जिसमें भाजपा को सत्ता से बाहर करने की क्षमता होगी।

8 दिसंबर को लखनऊ में महाआंदोलन

अपना दल (कमेरावादी) के कार्यक्रम के मुताबिक रोजगार एवं भागीदारी यात्रा का समापन 8 दिसंबर को लखनऊ में बड़े आंदोलन के साथ होगा। यात्रा के दौरान प्रदेश के कई जिलों में रोजगार, संविदा कर्मियों के नियमितीकरण और सामाजिक-राजनीतिक भागीदारी के मुद्दे उठाए जाएंगे। पार्टी इस अभियान के जरिए आगामी विधानसभा चुनाव से पहले इन सवालों को प्रदेशव्यापी राजनीतिक बहस का हिस्सा बनाने की तैयारी में है।

About rionews24

Check Also

चुनावी तैयारी के बीच पुलिस महकमे में नई तैनातियां, 183 इंस्पेक्टरों को मिली नई जगह

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव-2027 से पहले पुलिस महकमे में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *