Breaking News

गुरु नानक देव का ‘एक ओंकार’ संदेश सामाजिक एकता और सद्भाव का आधार : सीएम योगी

लखनऊ। गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश पर्व पर राजधानी लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके विचारों को सामाजिक एकता, समानता और मानवता के लिए प्रासंगिक बताया। मंगलवार को डीएवी पीजी कॉलेज में आयोजित विशेष कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री ने गुरु नानक देव को नमन करते हुए कहा कि उनका ‘एक ओंकार’ का संदेश समाज को एकता और सद्भाव के सूत्र में पिरोने की प्रेरणा देता है। उनकी शिक्षाएं आज भी अन्याय के विरुद्ध खड़े होने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का मार्ग दिखाती हैं।

मुख्यमंत्री ने कार्तिक पूर्णिमा के महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि इस अवसर पर काशी में लाखों दीपक प्रज्ज्वलित होंगे। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध किया था। यह पर्व अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जब समाज में विभाजन और बिखराव की स्थिति थी, तब गुरु नानक देव ने ‘एक ओंकार’ का संदेश देकर आध्यात्मिक चेतना और एकता का मार्ग प्रशस्त किया।

तीन सिद्धांतों में समाहित है सार्थक जीवन का संदेश

योगी आदित्यनाथ ने गुरु नानक देव की शिक्षाओं के तीन प्रमुख सिद्धांतों—‘नाम जपो, कीरत करो और वंड छको’ को जीवन का मार्गदर्शक बताया। उन्होंने कहा कि ईश्वर का स्मरण, ईमानदारी से परिश्रम और अपनी कमाई को दूसरों के साथ साझा करना एक आदर्श सामाजिक जीवन की आधारशिला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नाम जपने और कीर्तन से व्यक्ति के भीतर श्रद्धा और सकारात्मकता का भाव विकसित होता है। कीर्तन केवल आध्यात्मिक साधना नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और सामूहिक चेतना जागृत करने का माध्यम भी है। उन्होंने गोस्वामी तुलसीदास की पंक्ति ‘श्रद्धावान् लभते ज्ञानम्’ का उल्लेख करते हुए कहा कि श्रद्धा से ही ज्ञान की प्राप्ति का मार्ग प्रशस्त होता है। गुरु नानक देव की शिक्षाएं भी मनुष्य को इसी भाव से जोड़ती हैं।

लंगर की पंगत में दिखाई देती है समानता और सेवा की भावना

मुख्यमंत्री ने गुरु नानक देव के ‘वंड छको’ सिद्धांत को सामाजिक समरसता का व्यावहारिक उदाहरण बताते हुए कहा कि इसका मूल भाव है कि समाज में कोई भी व्यक्ति उपेक्षित न रहे और सभी मिल-बांटकर जीवन व्यतीत करें। गुरुद्वारों में संचालित लंगर की परंपरा इसी विचार को साकार करती है।

उन्होंने कहा कि लंगर में जाति, मत और मजहब के आधार पर कोई भेदभाव नहीं होता। सभी लोग एक ही पंगत में बैठकर समान सम्मान के साथ भोजन करते हैं। यह परंपरा महज भोजन वितरण की व्यवस्था नहीं, बल्कि सेवा, सहभागिता, समानता और मानवीय संवेदना का जीवंत उदाहरण है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सभी लोगों को एक साथ पंगत में बैठकर लंगर ग्रहण करते देखना उन्हें अच्छा लगता है। यह परंपरा गुरु नानक देव की शिक्षाओं को व्यवहार में उतारने और समाज में भाईचारे को मजबूत करने की प्रेरणा देती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में गुरु नानक देव के विचारों की प्रासंगिकता और बढ़ गई है। उनके संदेशों को जीवन में अपनाकर समाज में आपसी विश्वास, श्रद्धा, सद्भाव और एकजुटता को मजबूत किया जा सकता है। मानवता और समानता पर आधारित उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को सही दिशा दिखाने में सक्षम हैं।

About rionews24

Check Also

17वें दिन ‘रामायण’ का बॉक्स ऑफिस पर बड़ा धमाका, ‘धुरंधर 2’ का रिकॉर्ड टूटा; 900 करोड़ क्लब में बनाई जगह

मुंबई। बॉक्स ऑफिस पर रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ का शानदार प्रदर्शन जारी है। रिलीज …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *