Breaking News

प्रधानमंत्री ने स्वामित्व योजना के तहत 4.09 लाख संपत्ति मालिकों को दिए गए ई-प्रॉपर्टी कार्ड

नई दिल्‍ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर वर्चुअल कार्यक्रम के माध्यम से देश के 409945 ग्रामीण परिवारों को स्वामित्व योजना के अंतर्गत ई-प्रॉपर्टी कार्ड दे कर उन्हें उनके मकान का मालिकाना हक प्रदान किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने स्वामित्व योजना को पूरे देश में लागू किए जाने का शुभारंभ भी किया। प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार विजेता पंचायतों के बैंक खाते में बटन दबाकर सीधे पुरस्कार की धनराशि भी अंतरित की। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि कोविड-19 की इस प्रतिकूलता में कोई भी परिवार भूखा ना सोए, गरीब से गरीब का भी चूल्हा जले, ये भी हमारी जिम्मेदारी है। भारत सरकार ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत मुफ्त राशन देने की योजना को फिर से आगे बढ़ाया है। मई और जून के महीने में देश के हर गरीब को मुफ्त राशन मिलेगा। इसका लाभ 80 करोड़ से ज्यादा देशवासियों को होगा। इस पर केंद्र सरकार 26 हजार करोड़ रुपए से अधिक खर्च करेगी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वामित्व योजना में अब तक हुए कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि स्वामित्व योजना गाँव और गरीब के आत्मविश्वास को, आपसी विश्वास को और विकास को नई गति देने वाली है। आज गांव और गरीब को उसके घर का कानूनी दस्तावेज देने वाली यह अहम योजना पूरे देश में लागू की गई है। प्रधानमंत्री  ने कहा कि भारत सरकार ने सवा दो लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि ग्राम पंचायतों के हाथ में ही दी है। इतनी बड़ी धनराशि पंचायतों को इससे पहले कभी नहीं दी गई थी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि पंचायतों को डिजिटल बनाने के लिए हर गांव को फाइबर नेट से जोड़ने का काम भी तेजी से चल रहा है। आज हर घर को शुद्ध जल देने के लिए चल रही जल जीवन मिशन जैसी बड़ी योजना की जिम्मेदारी पंचायतों को ही सौंपी गई है। आज गांव में रोजगार से लेकर गरीब को पक्का घर देने तक का जो व्यापक अभियान केंद्र सरकार चला रही है, वो ग्राम पंचायतों के माध्यम से ही आगे बढ़ रहा है।

इस अवसर पर केंद्रीय पंचायती राज, ग्रामीण विकास,  कृषि एवं किसान कल्याण और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि विगत 7 वर्षों से हमेशा माननीय प्रधानमंत्री जी का राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर देशभर के पंचायत प्रतिनिधियों को मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है। 24 अप्रैल पर पंचायती राज दिवस का आयोजन वर्चुअल हुआ हो अथवा सभागार में हमेशा प्रधानमंत्री ने उपस्थित होकर हम सभी का उत्साहवर्धन किया है। केद्रीय मंत्री तोमर ने बताया कि देशभर में 5 करोड़ 70 लाख लोगों ने कार्यक्रम को आनलाइन देखने के लिए पंजीकरण कराया है।

इस अवसर पर राजस्थान, मध्यप्रदेश, कर्नाटक, हरियाणा, अरूणाचल प्रदेश, उत्तरप्रदेश, आंध्रप्रदेश, उत्तराखण्ड और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री, हरियाणा के उपमुख्यमंत्री एवं कई राज्यों के पंचायती राज मंत्री उपस्थित थे।

About rionews24

Check Also

तकनीकी सूझबूझ और मजबूत संरचना ही है भूकंपरोधी इमारतों की असली नींव : इंजी. अनुपम वर्मा

लखनऊ। इंटीग्रल यूनिवर्सिटी के वास्तुकला, योजना और डिजाइन संकाय (FoAPD) द्वारा सोमवार को विश्वविद्यालय परिसर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *