उधमसिंह नगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को सिसौना नदी पर बनने वाले 150 मीटर लंबे सीसी पुल का शिलान्यास किया। यह पुल सितारगंज के शक्तिफार्म क्षेत्र को सिडकुल से जोड़ेगा। लगभग 11.41 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह पुल क्षेत्र के आवागमन को सुगम बनाएगा और आर्थिक व सामाजिक विकास को नई गति देगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पुल के निर्माण से लगभग 50 हजार लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा तथा सिडकुल, सितारगंज और विकासखंड कार्यालय सिसौना के बीच की दूरी करीब 9 किलोमीटर कम हो जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल सहित सभी बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि शक्तिफार्म में पीपीपी मॉडल के तहत आधुनिक डेयरी प्रसंस्करण इकाई स्थापित की जा रही है, जिसमें मिल्क पाउडर, आइसक्रीम और चीज का उत्पादन होगा। वहीं प्रह्लाद पलसिया में 54 करोड़ रुपये की लागत से एक्वा पार्क का निर्माण तेजी से जारी है, जिसका लगभग 75 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है।
किच्छा क्षेत्र में 351 करोड़ रुपये की लागत से 100 एकड़ भूमि पर एम्स के सैटेलाइट सेंटर का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। इसके साथ ही पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के हवाईअड्डे के विकास की दिशा में भी कार्य चल रहा है।
सीएम धामी ने कहा कि गदरपुर और खटीमा बाईपास, खटीमा व किच्छा बस अड्डे, खेल स्टेडियम, साइकिलिंग ट्रैक, एथलेटिक्स ट्रैक एवं औद्योगिक परियोजनाओं से क्षेत्र को नई पहचान मिल रही है।
कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने राज्य सरकार के विकास कार्यों को ऐतिहासिक बताया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया सहित कई जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

