लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव-2027 से पहले पुलिस महकमे में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव हुआ है। पुलिस मुख्यालय ने 183 इंस्पेक्टरों की नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। इस सूची में लखनऊ कमिश्नरेट के 56 इंस्पेक्टरों को दूसरे स्थानों पर भेजा गया है, जबकि कानपुर कमिश्नरेट के 14 इंस्पेक्टरों को लखनऊ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
यह बदलाव निर्धारित कार्यकाल के आधार पर किया गया है। इसमें ऐसे इंस्पेक्टर शामिल हैं, जिन्होंने एक जिले में तीन साल का कार्यकाल पूरा कर लिया है अथवा 31 मई 2027 तक पिछले चार वर्षों में तीन साल की तैनाती पूरी कर लेंगे। पुलिस अधीक्षक (प्रशासन) आरडी चौरसिया की ओर से जारी आदेश के अनुसार, स्थानीय स्तर पर जोन, जनपद और कमिश्नरेट के बीच समायोजन नहीं हो पाने के बाद पुलिस आयुक्तों के अनुरोध पर यह प्रक्रिया पूरी की गई है।
तबादलों के तहत लखनऊ कमिश्नरेट से भेजे गए इंस्पेक्टरों को वाराणसी, कानपुर, प्रयागराज, गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद सहित विभिन्न कमिश्नरेट में तैनाती दी गई है। नागेश उपाध्याय, भानु प्रताप सिंह और सुनील कुमार आजाद को लखनऊ जोन में भेजा गया है। वहीं विक्रम सिंह को विजिलेंस, अरविंद कुमार को सीआईडी और अनवार अहमद को आर्थिक अपराध शाखा में नई जिम्मेदारी मिली है।
कानपुर कमिश्नरेट से लखनऊ कमिश्नरेट स्थानांतरित किए गए अधिकारियों में रवींद्र श्रीवास्तव, शैलेंद्र प्रताप सिंह, दीनानाथ मिश्रा, अभिमान सिंह, अशोक कुमार दुबे, आनंद कुमार पांडेय, सभाजीत मिश्र, संतोष कुमार शुक्ला, अखिलेश कुमार, सुधीर कुमार, सुभाष सिंह यादव, भूपेंद्र सिंह यादव, अशोक कुमार सरोज और ललित कुमार के नाम शामिल हैं।
इसके अलावा इकबाल हैदर, ब्रजेश कुमार और कमर सुल्ताना को लखनऊ जोन में भेजा गया है। इन स्थानांतरणों के बाद विभिन्न पुलिस इकाइयों और कमिश्नरेट में अधिकारियों की तैनाती का नया समीकरण बनेगा।

