कानपुर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉक्टर डी.आर. सिंह ने राष्ट्रपति से मुलाकात कर उन्हें विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए देश के पहले जैव संवर्धित गांव अनूपपुर के विभिन्न कार्यों की जानकारी दी। राष्ट्रपति ने विश्वविद्यालय के कार्यों की प्रशंसा की और कहा कि अनूपपुर गांव को आदर्श गांव बनाया जाए। साथ ही किसान कृषि में आत्मनिर्भर बने इस दिशा में विश्वविद्यालय द्वारा भी कार्य किए जाएं। जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो। विश्वविद्यालय द्वारा कराए जा रहे वृक्षारोपण कार्य को राष्ट्रपति ने सराहा। इस अवसर पर कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा दलीप नगर के बोझा प्रक्षेत्र पर इस वर्ष 60 हजार पौधे रोपित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त गत वर्ष विभिन्न अवसरों पर विश्वविद्यालय द्वारा पर्यावरण संरक्षण पर कई गतिविधियां व पौधरोपण कार्य संपादित किए गए हैं। विश्वविद्यालय द्वारा राष्ट्रपति के गांव परौंख में घर-घर न्यूट्री किचन गार्डन लगवाए जाने की राष्ट्रपति द्वारा प्रशंसा की गई। साथ ही विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों द्वारा किए जा रहे शोध, शिक्षण एवं प्रसार कार्यों की प्रशंसा की।
कुलपति डॉक्टर डी.आर. सिंह ने राष्ट्रपति को विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों द्वारा लिखित पुस्तक ‘जैविक खेती के आयाम’ नामक पुस्तक भेंट की। विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉक्टर खलील खान ने बताया कि विश्वविद्यालय के कुलपति एवं राष्ट्रपति महोदय की लगभग 15 मिनट भेंट वार्ता हुई। इस दौरान कुलपति ने विश्वविद्यालय की प्रगति के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों द्वारा किए जा रहे शोध, शिक्षण और प्रसार कार्यों की राष्ट्रपति ने सराहना एवं प्रशंसा की है।