Breaking News

मशहूर हास्य अभिनेता सतीश शाह का निधन, किडनी संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे

मुंबई। भारतीय टेलीविजन और सिनेमा के दिग्गज हास्य अभिनेता सतीश शाह का मुंबई में निधन हो गया। उन्होंने शनिवार को 74 वर्ष की उम्र में दोपहर करीब 2:30 बजे मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में आखिरी सांस ली। कहा जा रहा है कि एक्टर किडनी संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे और हाल ही में उन्होंने ट्रांसप्लांट करवाया था।

1983 की कॉमेडी फिल्म ‘जाने भी दो यारो’ और टीवी धारावाहिक ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’ में अपनी भूमिकाओं के लिए प्रसिद्ध सतीश शाह के निधन की पुष्टि उनके परिवार ने की है। हास्य कलाकार सतीश शाह के निधन पर फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने बताया, “सतीश शाह की दोपहर में तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें हिंदुजा अस्पताल ले जाया गया। उनका अंतिम संस्कार रविवार को होगा। वह एक बेहतरीन अभिनेता और इंसान थे। मुझे विश्वास नहीं हो रहा है कि वह अब हमारे बीच नहीं हैं। यह हमारे लिए बहुत बड़ी क्षति है। 

गुजराती मूल के इस कलाकार ने अपने चुलबुले अंदाज से दर्शकों के दिलों में अमिट छाप छोड़ी है। सतीश शाह ने अपने फिल्मी करियर में लगभग 250 फिल्मों में काम किया।  उनका जन्म 25 जून, 1951 में बॉम्ब में हुआ था। सतीश शाह ने 1972 में डिजाइनर मधु शाह से शादी की थी। सतीश शाह का सफर 1980 के दशक से शुरू हुआ. ‘जाने भी दो यारो’ (1983) में म्युनिसिपल कमिश्नर डी’मेलो का किरदार ने उन्हें जबरदस्त लोकप्रियता दिलाई। ‘मैं हूं ना’, ‘कल हो ना हो’, ‘फना’, ‘वीराना’ और ‘ओम शांति ओम’ जैसी फिल्मों में उनके संवाद आज भी हंसाते हैं। वे सैफ अली खान की 2014 की फिल्म ‘हमशक्ल्स’ में भी नजर आए थे। 

अभिनेता सतीश शाह के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक जताते हुए ट्वीट किया, “श्री सतीश शाह जी के निधन से गहरा दुख हुआ. उन्हें भारतीय मनोरंजन जगत के एक सच्चे दिग्गज के रूप में याद किया जाएगा. उनके सहज हास्य और प्रतिष्ठित अभिनय ने अनगिनत लोगों के जीवन में हंसी ला दी. उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना. ओम शांति.”

About rionews24

Check Also

त्रिशा कृष्णन का ‘करुप्पु’ में दमदार अवतार, वकील के रोल में आएंगी नजर

मुंबई। फिल्म इंडस्ट्री में इन दिनों त्रिशा कृष्णन अपने पर्सनल और प्रोफेशनल दोनों कारणों से …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *