बदायूं। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के राजा की सीकरी गांव में मंगलवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित किए जाने को लेकर दिनभर चला विवाद शाम होते-होते हिंसक झड़प में बदल गया। ग्राम समाज की खलिहान की भूमि पर बिना अनुमति प्रतिमा स्थापित किए जाने के आरोप और बाद में प्रतिमा के क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। देर शाम पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तो ग्रामीणों और अधिकारियों के बीच तनाव बढ़ गया।
प्रतिमा को सरकारी भूमि पर स्थापित करने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुटे थे। प्रशासन द्वारा स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किए जाने के दौरान भीड़ उग्र हो गई और पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारियों पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए पथराव से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को बचने के लिए इधर-उधर भागना पड़ा।
करीब आधे घंटे तक चलता रहा पथराव
बताया गया कि लगभग आधे घंटे तक हुए पथराव में प्रशासन और पुलिस के करीब एक दर्जन वाहनों के शीशे टूट गए। इनमें एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार के वाहनों के अलावा पीएसी का ट्रक और फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी शामिल बताई जा रही है। इसके अलावा वजीरगंज, बिसौली, उघैती, फैजगंज बेहटा और बिल्सी थानों के इंस्पेक्टरों की गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा। दो निजी एंबुलेंस के शीशे टूटने की भी जानकारी सामने आई है।
एसडीएम समेत कई पुलिसकर्मियों को चोट
पथराव की चपेट में आने से एसडीएम के पैर में पत्थर लगने की जानकारी है। उनके अर्दली के हाथ में भी चोट आई। इसके अलावा करीब आधा दर्जन महिला पुलिसकर्मियों समेत कई अन्य पुलिसकर्मियों के घायल होने की बात सामने आई है। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हेलमेट और दंगा नियंत्रण के दौरान इस्तेमाल होने वाली सुरक्षा जैकेट पहन रखी थी, जिससे गंभीर चोटों से बचाव होने की बात कही जा रही है।
पुलिस ने भीड़ को खदेड़ा, प्रतिमा कब्जे में
स्थिति बिगड़ने के बाद पुलिस बल ने कार्रवाई करते हुए उपद्रव कर रही भीड़ को मौके से खदेड़ा। पुलिस ने डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा को अपने कब्जे में ले लिया। मामले में करीब 12 लोगों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी है। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
डीएम और एसएसपी ने संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अवनीश राय और एसएसपी अंकिता शर्मा भी मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेकर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। फिलहाल गांव में पुलिस बल की तैनाती के साथ स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
प्रशासन की ओर से पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रतिमा स्थापित करने, उसके क्षतिग्रस्त होने और बाद में हुए पथराव के मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। गांव में शांति बनाए रखने के लिए अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।

