कानपुर नगर। आईआईटी कानपुर में शिक्षा मंत्रालय (MoE) और आईआईटी कानपुर की संयुक्त पहल SATHEE (Self-Assessment Test and Help for Entrance Exams) के तहत SATHEE समिट 2025 का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कानपुर क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के 200 से अधिक छात्रों ने भाग लिया।
समिट में मौजूद प्रतिष्ठित विशेषज्ञों ने छात्रों को JEE, NEET, CUET, SSC, बैंकिंग और ICAR जैसी राष्ट्रीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव और रणनीतियां साझा की। वक्ताओं में डॉ. अमेय करकरे (प्रोफेसर, संगणक विज्ञानं एवं अभियांत्रिकी, आईआईटी कानपुर), डॉ. आर. के. निगम, डॉ. अरविंद कुमार कोंडा (वैज्ञानिक, ICAR–IIPR), श्री ब्रजेंद्र बाजपेई (असिस्टेंट ऑडिट ऑफिसर), श्री प्रमोद कुमार (मुख्य प्रबंधक, SBI), उत्कर्ष तिवारी और डॉ. सुधीर कुमार श्रीवास्तव शामिल रहे। विशेषज्ञों ने अनुशासित अध्ययन, कॉन्सेप्ट की मजबूत समझ और परीक्षा-उन्मुख रणनीतियों को सफलता का आधार बताया।
कार्यक्रम का संचालन अनुराग पांडेय और उनकी टीम द्वारा किया गया, जिन्होंने छात्रों के लिए इंटरएक्टिव सत्र सुनिश्चित किए, जहां छात्रों ने विशेषज्ञों से सीधे प्रश्न पूछकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त किया।
SATHEE पहल का मुख्य उद्देश्य पूरे देश के छात्रों को, खासकर संसाधन-सीमित क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थियों को, नि:शुल्क गुणवत्तापूर्ण वीडियो लेक्चर, संगठित परीक्षा-तैयारी और संदेह समाधान सुविधा प्रदान करना है। इस पहल के माध्यम से कई सरकारी स्कूलों के छात्र JEE Main 2025 में क्वालिफाई कर चुके हैं, जिसका श्रेय SATHEE के निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग को दिया जा रहा है।

