Breaking News

विमान हादसे में उप मुख्यमंत्री अजित पवार का निधन, कल होगा अंतिम संस्कार

मुंबई। महाराष्ट्र के पुणे जिले के बारामती में हुए विमान हादसे में उप मुख्यमंत्री अजित पवार का निधन हो गया है। विमान में सवार अन्य चार लोग भी इस हादसे में नहीं बचे पाए। यह दुर्घटना तब हुई जब एनसीपी नेता अजित पवार (66) और अन्य लोगों को ले जा रहा विमान बारामती में रनवे के पास क्रैश लैंड हो गया।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की बारामती में चार्टर्ड विमान की क्रैश लैंडिंग में मौत के बाद राजनीतिक हलकों में शोक की लहर है। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन पर शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने गहरा शोक जताया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने न केवल एक मजबूत नेता, बल्कि अपने मंत्रिमंडल के एक बेहतरीन सहयोगी को खो दिया है। उद्धव ठाकरे ने कहा कि जब वह मुख्यमंत्री थे, तब अजित पवार उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री के रूप में बेहद अनुशासित और अपने विभाग पर मजबूत पकड़ रखने वाले नेता थे। उद्धव ठाकरे ने कहा कि वित्त विभाग की गहरी समझ के कारण उनके और अजित पवार के बीच एक विशेष कार्य संबंध विकसित हुआ था। उन्होंने कहा कि अजित पवार खुले दिल के इंसान थे और जो कहना होता था, साफ कहते थे। वे मन में बात दबाकर रखने वाले नेता नहीं थे और मतभेदों के बावजूद रिश्तों को निभाना जानते थे। उन्होंने कहा कि राजनीति में अलग रास्ता चुनने के बावजूद अजित पवार ने व्यक्तिगत संबंधों को कभी टूटने नहीं दिया। महाराष्ट्र में वे ‘दादा’ के नाम से लोकप्रिय थे और अपने कार्यकर्ताओं से गहरा लगाव रखते थे। उद्धव ठाकरे ने कहा कि उनके असमय जाने से राज्य के नेतृत्व में बड़ा खालीपन पैदा हो गया है। उन्होंने ठाकरे परिवार और शिवसेना की ओर से अजित पवार को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का पार्थिव शरीर अस्पताल से अंतिम संस्कार की तैयारी के लिए ले जाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार कल पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में नेता, कार्यकर्ता और आम लोग जुटने की संभावना है। 

About rionews24

Check Also

मुख्यमंत्री योगी ने किया अस्पताल का उद्घाटन, बोले अब हर जिले में मेडिकल कॉलेज

नोएडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-10 में 200 करोड़ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *