Breaking News

मातृभूमि योजना बनी ग्रामीण प्रतिभाओं की नई पहचान, उन्नाव में खुला आधुनिक कला प्रशिक्षण केंद्र

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा और पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर के मार्गदर्शन में सरकार की महत्वाकांक्षी ‘उत्तर प्रदेश मातृभूमि योजना’ ग्रामीण भारत की छुपी हुई प्रतिभाओं को वैश्विक मंच देने और पूरे प्रदेश को गौरवान्वित करने का एक सशक्त माध्यम बन चुकी है।

इसी के तहत, जनपद उन्नाव की ग्राम पंचायत कमालपुर में नवनिर्मित अत्याधुनिक कला प्रशिक्षण केंद्र का भव्य उद्घाटन किया गया। इस केंद्र का लोकार्पण माननीय पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर, यूपी ट्रांसफॉर्मेशन मिशन के सीईओ मनोज कुमार सिंह एवं मोहान के विधायक बृजेश कुमार रावत द्वारा विभागीय अधिकारियों और स्थानीय ग्रामीणों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

पंचायती राज विभाग के नेतृत्व में यह केंद्र ग्रामीण युवाओं, महिलाओं और बच्चों के सपनों को उड़ान देगा। यहाँ चित्रकला, हस्तशिल्प, सिलाई एवं वस्त्र डिजाइनिंग, संगीत और नृत्य जैसी विधाओं का उच्च स्तरीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। आर्थिक तंगी किसी के आड़े न आए, इसके लिए बच्चों को निःशुल्क कला सामग्री के साथ-साथ प्रोत्साहन भत्ता भी दिया जाएगा।

इस ऐतिहासिक पहल के केंद्र में हैं दिव्यांग फुट पेंटर शीला शर्मा। दोनों हाथ न होने के बावजूद अपने पैरों की उंगलियों से कैनवास पर अद्भुत रंग बिखेरने वाली शीला शर्मा की कहानी आज पूरे उत्तर प्रदेश के लिए एक मिसाल बन चुकी है।

इस केंद्र के निर्माण में 60 प्रतिशत की सहयोग राशि स्वयं शीला शर्मा द्वारा दी गई है, जबकि शेष 40 प्रतिशत का योगदान पंचायती राज विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा किया गया है। शीला शर्मा अब इस केंद्र के माध्यम से गांव के सैकड़ों बच्चों के भविष्य को संवारने का जिम्मा उठा रही हैं।

शीला शर्मा ने कहा ‘ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में असाधारण प्रतिभा होती है, बस उन्हें सही मंच की जरूरत होती है। पूज्य मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी और पंचायती राज विभाग ने मातृभूमि योजना के जरिए मेरे उस सपने को सच कर दिया, जिसे मैं वर्षों से देख रही थी। अब गांव का कोई बच्चा अवसरों से वंचित नहीं रहेगा।’

लोकार्पण के अवसर पर पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हमारी सरकार उत्तर प्रदेश की पंचायतों का कायाकल्प कर रही है। मातृभूमि योजना सिर्फ सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का नाम नहीं है, बल्कि यह अपनी माटी के कर्ज को चुकाने और समाज की सहभागिता से गांवों का भविष्य बदलने का महा-अभियान है।

About rionews24

Check Also

झांसी में बनेगा आधुनिक पशु चिकित्सालय, घायल और निराश्रित पशुओं को मिलेगा नया सहारा

लखनऊ। सड़क हादसों में घायल होने वाले और निराश्रित पशुओं के लिए झांसी में आधुनिक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *