Breaking News

मैकाले की शिक्षा व्यवस्था ने कमजोर किया देश का कौशल : पीएम मोदी

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आईटीआई में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का कौशल विकसित भारत की बड़ी ताकत है। आईआईटी और आईटीआई के विद्यार्थियों को समाज में समान सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश के विकास में हुनरमंद युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और कौशल आधारित शिक्षा को लेकर समाज की सोच बदलने की जरूरत है।

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आईटीआई के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का दिन उनके लिए विशेष रहा। सुबह वह पश्चिम बंगाल में आईआईटी खड़गपुर के 75वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुए और इसके बाद आईटीआई के विद्यार्थियों के बीच पहुंचे। उन्होंने कहा कि आईआईटी के विद्यार्थियों के बीच जिस उमंग के साथ गए थे, उसी उत्साह से आईटीआई के विद्यार्थियों के बीच भी आए हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया के सैकड़ों काम कुशल कारीगरों और तकनीकी दक्षता रखने वाले लोगों के कौशल से ही पूरे होते हैं। भारत में प्राचीन काल से कौशल आधारित कार्य व्यवस्था रही है, लेकिन समय के साथ यह कमजोर होती गई। उन्होंने गुजरात के अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि गांवों में ऐसे अनेक हुनरमंद लोग रहे हैं, जिनके बिना ग्रामीण जीवन की कल्पना करना भी मुश्किल था।

मैकाले की शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

प्रधानमंत्री ने कहा कि अंग्रेजों ने भारत की पारंपरिक कौशल आधारित व्यवस्था को कमजोर किया। मैकाले की शिक्षा व्यवस्था ने देश के पारंपरिक हुनर को नुकसान पहुंचाया और ऐसी शिक्षा पद्धति विकसित की, जिसका उद्देश्य मुख्य रूप से क्लर्क तैयार करना था।

उन्होंने कहा कि आज भी कुछ परिवारों में बच्चों के आईटीआई में प्रवेश लेने की बात छिपाई जाती है। इस मानसिकता को बदलने की जरूरत है। आईटीआई से मिलने वाला तकनीकी प्रशिक्षण और व्यावहारिक कौशल भी उतना ही महत्वपूर्ण है, जितनी अन्य उच्च शिक्षा। समाज में आईटीआई के विद्यार्थियों को भी आईआईटी के विद्यार्थियों के बराबर सम्मान मिलना चाहिए।

About rionews24

Check Also

यूपी में ओवैसी-चंद्रशेखर की नई सियासी जोड़ी, चंद्रशेखर को CM फेस बनाकर बनाया गठबंधन

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले प्रदेश की राजनीति में नया समीकरण सामने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *