अयोध्या। उद्योगपति और अडाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडाणी ने गुरुवार को परिवार सहित अयोध्या पहुंचकर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन किए। विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद उन्होंने आरती में हिस्सा लिया। अडानी ने मंदिर परिसर का भ्रमण कर निर्माण से जुड़ी जानकारी भी ट्रस्ट के सदस्यों से हासिल की।
सुबह करीब 8:30 बजे अडाणी अपने परिवार के साथ अहमदाबाद से दो चार्टर्ड फ्लाइट्स के जरिए महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे जहां प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
गौतम अडाणी ने कहा यह मंदिर केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति, एकता और आत्मविश्वास का प्रतीक है। भगवान राम के आदर्श हमें सत्य और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने देश की प्रगति और समृद्धि के लिए भगवान राम से आशीर्वाद भी मांगा।
इस दौरान गौतम अडाणी ने एक निशुल्क गुरुकुल महाविद्यालय का भी दौरा किया। उन्होंने छात्रों से संवाद किया और उन्हें सम्मानित किया। गुरुकुल की पारंपरिक और आधुनिक शिक्षा पद्धति की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि आज के एआई युग में भी यह संस्थान भारतीय संस्कृति को जीवित रखने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अडाणी फाउंडेशन गुरुकुल परंपरा के संरक्षण में हर संभव सहयोग देगा।

