कानपुर। शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के तत्वावधान में ‘विकसित उत्तर प्रदेश हेतु शिक्षा’ विषय पर दो दिवसीय ज्ञान सभा का आयोजन आगामी 19 एवं 20 सितम्बर 2026 को कानपुर स्थित छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर में किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं।
न्यास के कानपुर प्रांत के सह-संयोजक डॉ. सुमित कुमार गुप्ता ने विश्वविद्यालय के कुलगुरु एवं अखिल भारतीय विश्वविद्यालय संघ के अध्यक्ष प्रो. विनय पाठक से भेंट कर कार्यक्रम हेतु सभागार एवं कार्यकर्ताओं के ठहरने के लिए अतिथि गृह की सहमति प्राप्त की। ज्ञान सभा के समन्वय की जिम्मेदारी विश्वविद्यालय के लाइफ लॉन्ग लर्निंग एंड एक्सटेंशन विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अमित मिश्रा को सौंपी गई है।
इस संबंध में विश्वविद्यालय के दीनदयाल शोध केंद्र में आयोजित क्षेत्रीय बैठक में न्यास के राष्ट्रीय सह-संयोजक संजय स्वामी ने बताया कि यह एक व्यापक एवं महत्वपूर्ण आयोजन होगा, जिसमें दो दिनों तक ‘विकसित उत्तर प्रदेश हेतु शिक्षा’ विषय पर गहन मंथन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आयोजन की सफलता के लिए व्यवस्था समिति, आयोजन समिति, संचालन समिति एवं मार्गदर्शक मंडल का गठन किया जाएगा तथा विभिन्न दायित्वों के लिए कार्यकर्ताओं का चयन किया जाएगा।
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रदेश के सभी केंद्रीय, राज्य एवं निजी विश्वविद्यालयों के कुलगुरुओं, राष्ट्रीय एवं प्रांतीय शिक्षण संस्थानों के निदेशकों तथा उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से संपर्क स्थापित कर उन्हें कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त प्रचार-प्रसार, यातायात, भोजन एवं आवास व्यवस्था के सुचारु संचालन के लिए कार्यकर्ताओं की अलग-अलग टोलियां गठित की जाएंगी।
ज्ञान सभा के अवसर पर एक स्मारिका का प्रकाशन भी किया जाएगा। साथ ही विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं औद्योगिक संस्थानों की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे। कार्यक्रम में प्रदेश के राज्यपाल, मुख्यमंत्री तथा उच्च शिक्षा मंत्री को आमंत्रित किए जाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में प्रांत संघ चालक भवानी भीख तिवारी, पी.पी.एन. कॉलेज के प्राचार्य प्रो. अनूप सिंह, विश्वविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर डॉ. शशिकांत त्रिपाठी, पूर्णेन्दु मिश्रा, मेजर हर्ष, प्रमोद द्विवेदी, डॉ. बिन्दु सिंह, प्रबल प्रताप सिंह, प्रो. अनोखेलाल पाठक तथा संगम बाजपेयी सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने सहभागिता की।

