लखनऊ। सड़क हादसों में घायल होने वाले और निराश्रित पशुओं के लिए झांसी में आधुनिक पशु चिकित्सालय और पशु आश्रय स्थल का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई उत्तर प्रदेश कैबिनेट की बैठक में इस महत्वपूर्ण परियोजना को मंजूरी मिल गई है।
यह परियोजना झांसी जिले की मोठ तहसील स्थित ग्राम बम्हरौली में पशुपालन विभाग की पांच एकड़ भूमि पर विकसित की जाएगी। इसके लिए पशुपालन विभाग और दया भावना फाउंडेशन के बीच जल्द ही समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
दया भावना फाउंडेशन की झांसी शाखा इस पशु चिकित्सालय और आश्रय स्थल का निर्माण तथा संचालन करेगी। यहां दुर्घटना में घायल, बीमार और बेसहारा पशुओं के उपचार के साथ उनके रहने, देखभाल और पोषण की भी समुचित व्यवस्था की जाएगी। परियोजना के तहत पशुओं के लिए चारे के उत्पादन समेत अन्य आवश्यक गतिविधियां भी संचालित होंगी।
पशुपालन विभाग के झांसी मंडल के अपर निदेशक डॉ. अरविंद सागर ने बताया कि कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद एमओयू की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह केंद्र क्षेत्र में पशु कल्याण की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा और बड़ी संख्या में ऐसे पशुओं को संरक्षण मिल सकेगा जो दुर्घटनाओं या बीमारी के कारण असहाय स्थिति में पहुंच जाते हैं।
हालांकि भूमि का स्वामित्व पशुपालन विभाग के पास ही रहेगा, लेकिन चिकित्सालय और आश्रय स्थल के निर्माण व संचालन की पूरी जिम्मेदारी दया भावना फाउंडेशन निभाएगा।

