प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी-2026) गुरुवार को प्रदेश के 60 जिलों में 955 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। परीक्षा में पंजीकृत 8,07,636 अभ्यर्थियों में से 6,84,614 ने हिस्सा लिया। इस तरह कुल उपस्थिति 84.76 प्रतिशत दर्ज की गई।
परीक्षा के दौरान दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देने की कोशिश कर रहे 14 प्रतिरूपियों (इम्पर्सनेटर) को विभिन्न केंद्रों से गिरफ्तार किया गया। आयोग के अनुसार पहली पाली में सात और दूसरी पाली में सात प्रतिरूपी पकड़े गए। सभी आरोपियों को स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पहली पाली में फिरोजाबाद से दो तथा बदायूं, इटावा, गोंडा, कानपुर नगर और मथुरा से एक-एक प्रतिरूपी पकड़ा गया। दूसरी पाली में मथुरा से दो, जबकि बदायूं, मुरादाबाद, सहारनपुर, वाराणसी और गोरखपुर से एक-एक आरोपी को हिरासत में लिया गया। प्रयागराज में संदेह के आधार पर रोकी गई एक महिला अभ्यर्थी दस्तावेजों के सत्यापन में सही पाई गई, जिसके बाद उसे परीक्षा देने की अनुमति दे दी गई।
इस बार परीक्षा की निगरानी पूरी तरह तकनीक आधारित रही। आयोग के मुख्यालय में स्थापित एकीकृत कंट्रोल कमांड सेंटर से सभी परीक्षा केंद्रों पर लगातार नजर रखी गई। एआई आधारित कैमरों और डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की गई।
आयोग के अध्यक्ष प्रशांत कुमार, सदस्यगण, सचिव, परीक्षा नियंत्रक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने पूरे दिन परीक्षा व्यवस्था की निगरानी की। जिला प्रशासन और पुलिस के समन्वय से परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रही और परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।
आयोग ने बताया कि महिला अभ्यर्थियों की उपस्थिति 84.69 प्रतिशत तथा पुरुष अभ्यर्थियों की 84.86 प्रतिशत रही। परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए इस बार तकनीकी निगरानी और सुरक्षा प्रबंधों को विशेष रूप से मजबूत किया गया।

