Breaking News

राज्यपाल ने किया सीएसए विश्वविद्यालय में आयोजित चार दिवसीय भारतीय बागवानी सम्मेलन का आभासी उद्घाटन

कानपुर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में गुरुवार को 9वीं भारतीय बागवानी सम्मेलन 2021 का आभासी उद्घाटन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल महोदय आनंदीबेन पटेल ने विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री उच्च शिक्षा एवं विज्ञान प्रौद्योगिकी नीलिमा कटियार एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में किया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रदेश की राज्यपाल महोदय आनंदीबेन पटेल जी ने कहा कि खाद्य और कृषि संगठन ने मानव पोषण, खाद्य सुरक्षा और स्वास्थ्य के साथ-साथ राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने में फलों और सब्जियों के महत्व पर जागरूकता बढ़ाने के लिए वर्ष 2021 में फलों और सब्जियों को अंतरराष्ट्रीय वर्ष के रूप में घोषित किया है। ऐसे में भारतीय बागवानी सम्मेलन का आयोजन किया जाना उत्साहवर्धक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 92% से अधिक छोटे जोत वाले किसानों के लिए बागवानी फसलें क्षेत्र में उच्च आय, रोजगार और पोषण का मुख्य स्रोत है। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि प्रदेश में उगाई जा रही बागवानी, सब्जियां, फूल, औषधि व सुगंधित फसलें,कंद वाली फसलें, मसाले व मधुमक्खी पालन के साथ-साथ उनके प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन के साथ-साथ एक सहायक उद्यम के रूप में मशरूम की खेती शामिल की जा सकती है। जिससे किसानों की आय बढ़ेगी व आत्मनिर्भर बन सकेंगे। साथ ही उन्होंने कहा की 9वीं भारतीय बागवानी सम्मेलन 2021 में प्रतिभाग करने वाले विशेषज्ञों, वैज्ञानिकों, नीति निर्धारकों, उद्योगपति, शोध छात्रों एवं कृषकों के आपसी विचार-विनिमय से निश्चय ही ऐसे सार्थक परिणाम सामने आएंगे जो प्रदेश एवं देश के लघु एवं सीमांत कृषकों की आय बढ़ाने में सहायक सिद्ध होंगे।

कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि प्रदेश की उच्च शिक्षा राज्य मंत्री नीलिमा कटियार जी ने कहा की इस समय सब्जी और फलों की पूर्ति पूरे वर्ष रहती है इसके लिए उद्यान वैज्ञानिक धन्यवाद के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि कृषि के सभी पहलुओं पर सरकार विशेष रुप से ध्यान दे रही है। जिससे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में किसानों के उत्पाद की पहुंच सुनिश्चित हो और उन्हें आर्थिक लाभ हो।इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. डी. आर. सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय ने अब तक 56 सब्जियों की नई प्रजातियां विकसित की हैं। जिनमें 16 मसाले की वे प्रजातियां भी हैं जिनका व्यवसायिक स्तर पर उत्पादन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के गुणवत्ता युक्त कार्यों को देखते हुए दो सेंटर आफ एक्सीलेंस के अतिरिक्त चार नए सेंटर आफ एक्सीलेंस कृषि विज्ञान केंद्र इटावा, फतेहपुर, अलीगढ़ एवं मैनपुरी में संचालित हुए हैं। जो विश्वविद्यालय के लिए गर्व की बात है। इस अवसर पर पद्मश्री डॉक्टर के. एल. चड्ढा ने कहा कि प्रदेश सरकार ऐसी नीति बनाएं जिससे की प्रदेश को औद्योगिक क्षेत्र में उच्च स्तर पर ले जाया जा सके। क्योंकि यहां पर चार कृषि विश्वविद्यालय एवं लगभग सभी फलों, फूलों, सब्जियों और औषधीय फसलों एवं इनके परिरक्षण हेतु केंद्रीय संस्थान स्थापित है।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के उद्यान विज्ञान विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष  डॉ. पी.एन. बाजपेई को आनरेरी फैलोशिप से पद्मश्री डॉक्टर के. एल. चड्डा, राज्य मंत्री नीलिमा कटियार एवं कुलपति डॉ. डी.आर. सिंह ने उनकी अधिक उम्र को देखते हुए मंच से उतर कर उन्हें उनके स्थान पर ही सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त विभिन्न वैज्ञानिकों डॉक्टर वाई.आर. चन्ना, डॉक्टर पी.एम. हलदनकर, डॉ. राजीव कुमार, डॉक्टर बी.एस. तोमर सहित अन्य वैज्ञानिकों एवं प्रगतिशील कृषक रामशरण वर्मा को अपने-अपने क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों हेतु पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। उद्घाटन सत्र के अंत में सभी अतिथियों को धन्यवाद कार्यक्रम के स्थानीय सह संयोजक डॉ. एच. जी. प्रकाश ने किया।

इस अवसर पर भारतीय बागवानी अकादमी के सह उपाध्यक्ष एवं जोधपुर कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. बलराज सिंह, एपीडा के चेयरमैन डॉक्टर अंगामुथु, भारत सरकार के कृषि आयुक्त डॉ. एस.के. मल्होत्रा सहित राष्ट्रीय बागवानी संगोष्ठी के स्थानीय सह आयोजक डॉ. एच. जी. प्रकाश सह आयोजक डॉ. वी.के. त्रिपाठी सहित अन्य गणमान्य उद्यान विद उपस्थित रहे। उद्घाटन सत्र के बाद उपस्थित देश एवं प्रदेश से आए उद्यान विदों एवं वैज्ञानिकों ने अपने अपने शोध पत्रों का प्रस्तुतीकरण किया। इस अवसर पर वैज्ञानिकों द्वारा लिखित पुस्तकों का आए हुए अतिथियों द्वारा विमोचन भी किया गया।

About rionews24

Check Also

KNIT : अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर हुआ संगोष्ठी का आयोजन

सुल्तानपुर। कमला नेहरु प्रौधोगिकी संस्थान के सिविल इंजीनियरिंग विभाग में अन्तर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस उत्साहपूर्वक मनाया …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *