लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया संस्थान, लखनऊ स्थित राम प्रकाश गुप्ता मेमोरियल मातृ एवं शिशु चिकित्सालय परिसर में मरीजों के साथ आने वाले तीमारदारों की सुविधा के लिए एक आधुनिक रैन बसेरा भवन का भूमि पूजन और शिलान्यास मंगलवार को राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने किया। कार्यक्रम में राज्यपाल ने कहा कि भवन तैयार होने के बाद प्रदेश के अलग-अलग जिलों से इलाज के लिए आने वाले लोगों को ठहरने की बड़ी सहूलियत मिलेगी और उन्हें इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। लगभग 24.86 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह रैन बसेरा में ठहरने वालों के लिए कुल 510 बेड की व्यवस्था होगी, जिसमें 45 कमरों में 90 बेड और बड़ी डॉरमेटरी में 420 बेड शामिल हैं। भवन में आधुनिक रसोई, डाइनिंग हॉल, लॉन्ड्री, दो लिफ्ट और स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई है।
भूमि पूजन के साथ ही राज्यपाल ने अस्पताल में नई डायग्नोस्टिक सेवाओं का भी उद्घाटन किया। अब तक मातृ एवं शिशु अस्पताल के मरीजों को सीटी स्कैन, एमआरआई और अल्ट्रासाउंड जैसी जांचों के लिए दूसरे कैंपस या बाहर जाना पड़ता था। अब ये सारी सुविधाएं इसी छत के नीचे उपलब्ध होंगी, जिससे गंभीर मरीजों के इलाज में देरी नहीं होगी।
इस मौके पर डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने मीडिया से बातचीत कर राजनीतिक मुद्दों पर भी खुलकर बयान दिया। एआई समिट को लेकर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता खोने के डर में है और लगातार देश की छवि खराब करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग मोहब्बत की बात करते हैं वही माहौल बिगाड़ने का काम कर रहे हैं और देश को दुनिया के सामने नीचा दिखा रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि अखिलेश यादव और राहुल गांधी की राजनीति में कोई फर्क नहीं है और दोनों एक ही तरह की बयानबाजी कर रहे हैं। एलयू में हुए प्रदर्शन को लेकर डिप्टी सीएम ने साफ कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और प्रशासन सख्ती से कार्रवाई करेगा।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, अपर मुख्य सचिव चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य अमित कुमार घोष, लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के निदेशक सीएम सिंह, मातृ एवं शिशु रेफरल सेंटर के सीएमएस श्रीकेश, संस्थान के सीएमएस विक्रम सिंह समेत कई डॉक्टर और अधिकारी मौजूद रहे।

