Breaking News

सीडीओ दीक्षा जैन ने संपूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों को दिए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश

कानपुर नगर। मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन की अध्यक्षता में शनिवार को मर्चेंट चेंबर ऑफ कॉमर्स में सदर तहसील का संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। जनसुनवाई में कुल 104 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से आठ मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। शेष शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

समाधान दिवस के दौरान कई प्रकरणों का तत्काल निस्तारण कर लोगों को राहत दी गई। ग्राम भिसार निवासी नरेंद्र सिंह की खतौनी में नाम संशोधन का प्रकरण मौके पर उपस्थित क्षेत्रीय लेखपाल को निर्देशित कर दुरुस्त करा दिया गया। इसी प्रकार चकेरी निवासी रामबाबू की खतौनी में पूर्व आदेश अंकित न होने की समस्या भी तत्काल दूर कर दी गई।

राजीव विहार नौबस्ता निवासी कुंती पांडेय ने विधवा पेंशन खाते में न आने की शिकायत की थी। मौके पर मौजूद जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 की चारों किस्त उनके खाते में अंतरित की जा चुकी हैं, जिस पर प्रार्थिनी संतुष्ट हुईं। इसी तरह ग्राम जरौली की खतौनी में नाम संशोधन से जुड़ा मालती द्विवेदी का प्रकरण भी मौके पर ही ठीक करा दिया गया।

ग्राम उदयपुर निवासी कुमारी सोनी द्वारा आय प्रमाण पत्र जारी कराने का अनुरोध किया गया था। मौके पर आयोजित शिविर के माध्यम से तत्काल ऑनलाइन आवेदन कराकर उनका आय प्रमाण पत्र निर्गत कराया गया। 

कल्याणपुर निवासी सरवर अली द्वारा अपने पिता के शस्त्र लाइसेंस को सरेंडर कराने के संबंध में दिए गए प्रार्थना पत्र पर तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित थाना प्रभारी को निर्देशित कर शस्त्र जमा करा दिया गया। वहीं मसवानपुर निवासी सृजना देवी की खतौनी में नाम संशोधन का मामला भी मौके पर ही निस्तारित कराया गया।

समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग से संबंधित 32, पुलिस से 16, नगर निगम से 14, केडीए से नौ, केस्को से सात, डूडा से तीन तथा जलकल विभाग से दो प्रकरण शामिल रहे। शेष शिकायतें अन्य विभागों से संबंधित थीं।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व उपजिलाधिकारी सदर अनुभव सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

About rionews24

Check Also

झांसी में बनेगा आधुनिक पशु चिकित्सालय, घायल और निराश्रित पशुओं को मिलेगा नया सहारा

लखनऊ। सड़क हादसों में घायल होने वाले और निराश्रित पशुओं के लिए झांसी में आधुनिक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *