लखनऊ। महिलाओं की सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा को बढ़ावा देने तथा पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर महिलाओं के लिए विशेष ‘मायदीदी’ ईवी-बाइक सेवा शुरू करने जा रहा है। यह सेवा मेट्रो फीडर नेटवर्क का हिस्सा होगी और यात्रियों को मेट्रो स्टेशन से उनके गंतव्य तक बेहतर लास्ट माइल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगी।
सेवा का शुभारंभ शुक्रवार सुबह विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन पर यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार द्वारा किया जाएगा। इस पहल की खास बात यह है कि ‘मायदीदी’ ईवी-बाइक सेवा पूरी तरह महिलाओं के लिए समर्पित होगी। इसमें बाइक चालक और यात्री दोनों महिलाएं होंगी, जिससे महिला यात्रियों को सुरक्षित, भरोसेमंद और किफायती परिवहन सुविधा मिल सकेगी।
पहले चरण में यह सेवा विश्वविद्यालय, आईटी कॉलेज, भूतनाथ और कृष्णा नगर मेट्रो स्टेशनों पर शुरू की जाएगी। महिला यात्री इन स्टेशनों से पांच किलोमीटर तक की दूरी मात्र 15 रुपये में तय कर सकेंगी।
यूपीएमआरसी ने सेवा के शुभारंभ को विशेष बनाने के लिए 5 जून से 13 जून तक सभी महिला यात्रियों को निशुल्क यात्रा सुविधा देने का निर्णय लिया है। इसके अलावा उद्घाटन दिवस पर सेवा का लाभ लेने वाली पहली 10 महिला यात्रियों को विशेष उपहार भी प्रदान किए जाएंगे।
यूपी मेट्रो का मानना है कि यह पहल महिलाओं को सुरक्षित और सुलभ परिवहन उपलब्ध कराने के साथ-साथ इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देकर पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी। साथ ही यह महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में एक अहम कदम साबित होगी।

