Breaking News

यूपी में मूसलाधार बारिश, मिर्जापुर में 161 मिमी बरसात; ललितपुर में ऑरेंज अलर्ट

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सितंबर की शुरुआत जोरदार बारिश के साथ हुई है। बुधवार को बुंदेलखंड, दक्षिणी जिलों, तराई और मध्यांचल के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश हुई। मिर्जापुर में सबसे अधिक 161 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा सीतापुर में 130.6 मिमी, लखनऊ में 115 मिमी, चित्रकूट में 108 मिमी, बहराइच में 106 मिमी और बांदा में 90 मिमी बारिश दर्ज हुई। वाराणसी, कानपुर, मेरठ, मुरादाबाद और आगरा में भी अच्छी बारिश हुई।

मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को ललितपुर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 11 अन्य जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार सितंबर के पहले सप्ताह में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

बंगाल की खाड़ी के सिस्टम का असर

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने मौसम तंत्र का असर उत्तर प्रदेश पर बना हुआ है। इसके चलते सितंबर के पहले सप्ताह में बुंदेलखंड और दक्षिणी जिलों के साथ तराई तथा प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी मध्यम से भारी बारिश होने के आसार हैं। हालांकि, फिलहाल तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

इन जिलों में येलो अलर्ट

बृहस्पतिवार को बांदा, चित्रकूट, कानपुर देहात, कानपुर नगर, आगरा, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा और झांसी समेत आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मंदाकिनी में अचानक आई बाढ़, रेस्क्यू कर बचाए लोग

लगातार बारिश के बीच चित्रकूट में बाढ़ का खतरा भी बढ़ गया है। मंगलवार को पहाड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम चौरा में मंदाकिनी नदी में अचानक बाढ़ आ गई। बाढ़ के पानी में कई लोग फंस गए। सूचना मिलते ही बाढ़ राहत दल मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

42वीं वाहिनी पीएसी नैनी, प्रयागराज के बी दल की बाढ़ राहत ड्यूटी में तैनात प्लाटून ने स्थानीय प्रशासन के सहयोग से मोटरबोट के जरिए प्रभावित लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, संबंधित लेखपाल और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री और भोजन पहुंचाया गया। जरूरतमंद लोगों का मेडिकल परीक्षण कराकर आवश्यक चिकित्सकीय सहायता भी उपलब्ध कराई गई।

32 जिले बाढ़ से प्रभावित, 1,528 लोगों का रेस्क्यू

राहत आयुक्त कार्यालय की रिपोर्ट के अनुसार मंगलवार तक प्रदेश के 32 जिले बाढ़ से प्रभावित हुए हैं, जबकि 22 जिलों में फिलहाल बाढ़ का प्रभाव दर्ज किया गया है। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान 1,528 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत व्यवस्था के तहत 742 बाढ़ चौकियां, 452 नाव एवं मोटरबोट और 225 मेडिकल टीमें सक्रिय रहीं। इसके अलावा 105 शरणालयों में 2,460 लोगों ने शरण ली।

16 हजार से ज्यादा लंच पैकेट बांटे

बाढ़ प्रभावित परिवारों तक भोजन और जरूरी सामग्री पहुंचाने का अभियान भी जारी है। मंगलवार को 1,640 बाढ़ राहत खाद्यान्न पैकेट और 16,190 लंच पैकेट वितरित किए गए। इसके अलावा 18 हजार से अधिक क्लोरीन पैकेट और 7 हजार से ज्यादा ओआरएस पैकेट बांटे गए। पशुओं के लिए 310 क्विंटल भूसा भी वितरित किया गया।

ये जिले बाढ़ से प्रभावित

अयोध्या, आजमगढ़, बलिया, बाराबंकी, बदायूं, चंदौली, चित्रकूट, फर्रुखाबाद, गाजीपुर, गोरखपुर, हापुड़, हरदोई, कासगंज, लखीमपुर खीरी, मिर्जापुर, मुरादाबाद, प्रयागराज, संत कबीर नगर, शाहजहांपुर, सीतापुर, उन्नाव और वाराणसी समेत कई जिले बाढ़ से प्रभावित हैं।

About rionews24

Check Also

भारत ने अफगानिस्तान टी20 सीरीज के लिए टीम घोषित की, वैभव सूर्यवंशी को लगातार चौथी सीरीज में मौका

बुमराह समेत 7 खिलाड़ियों की टीम में वापसी, चार खिलाड़ियों का खेलना फिटनेस पर निर्भर; …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *