लखनऊ। राजधानी के व्यापार कर भवन में घुसकर आगजनी, मारपीट और सरकारी कामकाज में बाधा डालने के करीब तीन दशक पुराने मामले में एमपी-एमएलए कोर्ट ने अहम फैसला सुनाया है। पूर्व राज्यसभा सदस्य एवं व्यापारी नेता बनवारी लाल कंछल समेत तीन आरोपियों को दोषी ठहराते हुए तीन-तीन साल की कैद और 36-36 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई है। फैसला आते ही तीनों दोषियों की जमानत निरस्त कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
विशेष न्यायाधीश उमाकांत जिंदल की अदालत ने बनवारी लाल कंछल के साथ हुकुमचंद अग्रवाल और देशराज अग्रवाल को भी दोषी करार दिया। वहीं, राजेंद्र अग्रवाल को साक्ष्यों के अभाव में बरी कर दिया गया। मुकदमे में कुल छह आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया गया था। इनमें मोती चंद्र अग्रवाल और श्रीनिवास अग्रवाल की सुनवाई के दौरान मृत्यु हो गई थी।
200 से 250 लोगों के साथ भवन में पहुंचने का था आरोप
अभियोजन पक्ष के अनुसार, 12 अगस्त 1998 को दोपहर करीब सवा एक बजे बनवारी लाल कंछल सहित अन्य आरोपी 200 से 250 लोगों के साथ व्यापार कर भवन परिसर पहुंचे थे। आरोप था कि भीड़ में शामिल लोगों के पास लाठी-डंडे और असलहे थे। परिसर में अधिकारियों के साथ गाली-गलौज और धमकी देने के बाद मारपीट की गई, जिसमें कई अधिकारी घायल हुए। सरकारी कामकाज में बाधा डालने और जान से मारने की नीयत से हमला करने के आरोप भी लगाए गए थे।
दो अधिकारियों की ओर से दर्ज कराई गई थी रिपोर्ट
इस मामले में तत्कालीन असिस्टेंट कमिश्नर (प्रशासन), व्यापार कर एमएम कटिहार ने हजरतगंज थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसी दिन व्यापार कर विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर, प्रवर्तन क्षेत्र-बी ठाकुर प्रसाद की ओर से भी अलग रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
करीब 28 साल तक चले इस मुकदमे में अदालत के फैसले के बाद तीन आरोपियों को सजा सुनाई गई है।

