Breaking News

कुलदीप यादव शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं, वंशिका संग लेंगे सात फेरे

लखनऊ। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर और टी-20 विश्वकप विजेता टीम के सदस्य कुलदीप यादव जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। कुलदीप 14 मार्च को मसूरी की खूबसूरत वादियों में अपनी बचपन की दोस्त वंशिका चड्ढा के साथ सात फेरे लेंगे।

शादी से पहले 13 मार्च को हल्दी और मेहंदी की रस्में होंगी। विवाह समारोह मसूरी स्थित एक रिसॉर्ट में पारिवारिक माहौल में संपन्न होगा, जिसमें दोनों परिवारों के सदस्य, करीबी रिश्तेदार और भारतीय टीम के वर्तमान व पूर्व खिलाड़ी शामिल हो सकते हैं।

इसके बाद 17 मार्च को लखनऊ के एक होटल में भव्य रिसेप्शन का आयोजन किया जाएगा। इस समारोह में क्रिकेट जगत की हस्तियों, यूपीसीए अधिकारियों और समाज की नामचीन शख्सियतों के शामिल होने की संभावना है। सोमवार को कुलदीप के पिता राम सिंह यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शादी और रिसेप्शन का निमंत्रण भी दिया।

दरअसल, कुलदीप और वंशिका की शादी पहले नवंबर 2025 में तय थी, लेकिन भारतीय टीम के व्यस्त शेड्यूल और विश्वकप में कुलदीप की भागीदारी के चलते इसे आगे बढ़ा दिया गया। इसके बाद दोनों परिवारों ने मार्च 2026 में विवाह करने का निर्णय लिया।

कुलदीप और वंशिका बचपन के दोस्त हैं। समय के साथ उनकी दोस्ती गहरी होती गई और यह रिश्ता प्यार में बदल गया। पिछले साल 4 जून 2025 को लखनऊ में दोनों की सगाई हुई थी, जिसमें परिवार और करीबी दोस्त शामिल हुए थे। इस मौके पर क्रिकेटर रिंकू सिंह की मंगेतर एवं सांसद प्रिया सरोज ने भी शिरकत की थी।

वंशिका चड्ढा कानपुर के श्याम नगर लाल बंगला की निवासी हैं। उनके पिता योगेंद्र सिंह चड्ढा एलआईसी में कार्यरत हैं। वंशिका ने 2017 में सेंट मैरी स्कूल से 12वीं की पढ़ाई पूरी की और उच्च शिक्षा के लिए ऑस्ट्रेलिया चली गईं। वर्तमान में वह वहीं नौकरी कर रही हैं।

बचपन की दोस्ती अब शादी में बदलने जा रही है। इस खास मौके को लेकर दोनों परिवारों और उनके करीबी लोगों में उत्साह का माहौल है।

About rionews24

Check Also

राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण : 6 जुलाई की ट्रस्ट बैठक में चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्रा को मिल सकता है शो-कॉज नोटिस

अयोध्या। राम मंदिर के चढ़ावा चोरी प्रकरण के बीच 6 जुलाई को प्रस्तावित श्रीराम जन्मभूमि …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *