गोरखपुर। दो दिवसीय दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बरसात से पहले निर्माण परियोजनाओं के अधिकतर काम पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने अधिकारियों के साथ जिले में संचालित निर्माण परियोजनाओं के प्रगति की गोरखनाथ मंदिर में समीक्षा की। सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण परियोजनाओं में तेजी लाई जाए और गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से उन परियोजनाओं पर ध्यान केंद्रित किया जिनकी भौतिक प्रगति दो-तिहाई से अधिक हो चुकी है। उन्होंने निर्देश दिया कि ऐसी सभी परियोजनाओं को मानसून की दस्तक से पहले हर हाल में पूरा किया जाए जिससे बारिश के दौरान निर्माण कार्य बाधित न हों। उन्होंने कहा कि हर परियोजना की एक तय समय सीमा होती है और उसे उसी अवधि में गुणवत्ता के साथ पूरा करना प्रशासन की जिम्मेदारी है
सीएम योगी ने जलभराव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को पहले से तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में इस दिशा में बेहतर काम हुआ है, लेकिन इसे और उत्कृष्ट बनाने की जरूरत है। सभी नालों की समय पर सफाई पूरी करने और गोड़धोइया नाला परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने पर भी जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विरासत गलियारा के निर्माण की प्रगति, घंटाघर स्थित बंधु सिंह पार्क में बने मल्टीलेवल पार्किंग सह कमर्शियल कॉम्प्लेक्स की अद्यतन स्थिति के बारे में जानकारी ली। साथ ही उन्होंने पांडेय हाता में बनने वाले नए कमर्शियल कॉम्प्लेक्स की कार्य योजना के बारे में पूछा। उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देशित किया कि वे अपने स्तर पर लोकार्पण और शिलान्यास की पूरी तैयारी रखें। सीएम योगी ने पटरी कारोबारी के व्यवस्थित पुनर्वास पर जोर देते हुए यह निर्देश भी दिए कि पटरी व्यापारियों को वेंडिंग जोन में सम्मानजनक जगह और पूरी सुविधाएं दी जाएँ।

