लखनऊ। राजधानी लखनऊ में मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट ली। दोपहर करीब दो बजे काले बादल छा गए और करीब 30 मिनट बाद गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। करीब तीन घंटे तक हुई तेज बारिश से शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। दिन में ही अंधेरा छा जाने के कारण वाहन चालकों को हेडलाइट और डिपर जलाकर चलना पड़ा।
शाम करीब 5:30 बजे तक हुई बारिश के बाद शहर की कई प्रमुख सड़कों पर करीब दो फीट तक पानी भर गया। इंदिरानगर, गोमतीनगर और सीतापुर रोड के कई इलाकों में जलभराव इतना अधिक रहा कि घरों के बेडरूम तक पानी पहुंच गया। बारिश के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ और लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
शहीद पथ से पॉलीटेक्निक तक लगा भीषण जाम
भारी बारिश और जलभराव के कारण शहीद पथ, कमता तिराहा, पॉलीटेक्निक और बुद्धेश्वर चौराहा समेत कई प्रमुख मार्गों पर लंबा जाम लग गया। सड़क पर पानी भरने और वाहनों की रफ्तार धीमी होने से यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। कई जगह वाहन चालक घंटों जाम में फंसे रहे।
चिनहट में धंसी करीब 8 फीट सड़क
भारी बारिश के बीच चिनहट के रोलेक्स अपार्टमेंट के सामने सीवर मैनहोल के पास करीब आठ फीट सड़क धंस गई। सड़क धंसने से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। घटना के बाद इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
वहीं, चिनहट के अशरफ विहार कॉलोनी में करीब तीन घंटे तक बिजली गुल रही। बारिश के दौरान आईटी चौराहे पर पेड़ गिरने की भी सूचना है। इससे यातायात प्रभावित हुआ।
सुबह से हो रही थी रुक-रुककर बारिश
राजधानी में मंगलवार सुबह से ही रुक-रुककर बारिश का दौर जारी था। दोपहर बाद बारिश ने अचानक तेज रूप ले लिया। गरज-चमक के साथ करीब तीन घंटे तक हुई बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की भी पोल खोल दी। कई इलाकों में नालियां और सीवर ओवरफ्लो होने से सड़कों पर पानी भर गया।
चिनहट में सबसे ज्यादा 59 मिमी बारिश
जिले में मंगलवार शाम 5:30 बजे तक 36.64 मिलीमीटर औसत बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश चिनहट में हुई, जहां 59 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
सामान्य से 1.6 मिमी ज्यादा बारिश
आंकड़ों के मुताबिक, 1 सितंबर तक लखनऊ में सामान्य बारिश का औसत 523.9 मिलीमीटर है। इसके मुकाबले अब तक 525.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है। यानी राजधानी में इस सीजन सामान्य से 1.6 मिलीमीटर अधिक बारिश हो चुकी है।
मौसम विभाग ने 5 सितंबर तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में आने वाले दिनों में भी राजधानी में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मंगलवार की तेज बारिश के बाद प्रशासन के सामने जलभराव और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने की चुनौती बढ़ गई है।

