नई दिल्ली। इन दिनों भारतीय कुश्ती में बवाल मचा हुआ है। विनेश फोगाट, बजरंग पूनिया समेत करीब 30 पहलवान भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरने पर बैठ गए हैं। वहीं महिला पहलवानों ने अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह और कई कोच के खिलाफ यौन शोषण के आरोप भी लगाए हैं। इसके बाद केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने इस मामले को लेकर पहलवानों को मिलने के लिए बुलाया, लेकिन खेल मंत्री से पहलवानों की मुलाकात बेनतीजा रही है।
वहीं खबरों के मुताबिक, केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने पहलवानों की भारतीय कुश्ती महासंघ को तुरंत भंग करने की मांग को नहीं माना है। पहलवान रात 1.45 बजे अनुराग ठाकुर के घर से निकले और किसी पहलवान ने बाहर इंतजार कर रहे पत्रकारों से बात नहीं की। ओलंपिक पदक विजेता बजरंग पुनिया, रवि दहिया, साक्षी मलिक और विश्व चैम्पियनशिप पदक विजेता विनेश फोगाट बैठक में शामिल हुए थे।
जानकारी के मुताबिक पहलवान शुक्रवार को फिर से खेल मंत्री से मिलेंगे। वहीं खेल मंत्रालय बृजभूषण शरण सिंह को तब तक इस्तीफा देने के लिए मजबूर नहीं कर सकता जब तक कि उसे डब्ल्यूएफआई से लिखित जवाब नहीं मिल जाता क्योंकि सरकार ने खुद कुश्ती निकाय से स्पष्टीकरण मांगा है।
खेल मंत्रालय से बैठक के बाद बजरंग पूनिया, विनेश फोगाट और साक्षी मलिक ने कहा कि वह कुश्ती संघ के अध्यक्ष का इस्तीफा लेकर रहेंगे। पहलवानों ने यह भी साफ कर दिया कि जब तक कार्रवाई नहीं होगी, तब तक धरना जारी रहेगा। वे आश्वासन से खुश नहीं हैं। उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। वह ठोस कार्रवाई चाहते हैं। वह इस बात की उम्मीद में बैठे हैं कि उन्हें न्याय मिलेगा। पूरे कुश्ती संघ को भंग करना चाहिए, जब तक संघ को भंग नहीं किया जाएगा, हम पीछे नहीं हटेंगे।