कानपुर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉक्टर डी.आर. सिंह ने सोमवार सातवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय स्थित कुलपति आवास के प्रांगण में पारिवारिक सदस्यों के साथ योग किया। इस अवसर पर कुलपति डॉक्टर डी.आर. सिंह ने बताया कि योग मनुष्य और प्रकृति के बीच सामंजस्य है। यह व्यायाम के बारे में ही नहीं अपने भीतर एकता की भावना और प्रकृति की खोज में है उन्होंने कहा कि हमारी बदलती हुई जीवन शैली में यह चेतना बनकर हमें जलवायु परिवर्तन से निपटने में मदद कर सकता है। कुलपति ने बताया कि महामारी के दौरान और बाद में लोगों के लिए सबसे बड़ी चुनौतियां मनोवैज्ञानिक समस्याएं होती हैं। जब समस्याएं आए तो हमें खुद समस्या नहीं बन जाना चाहिए। बल्कि योगाभ्यास में इससे मुक्त करने और अपने इम्यून सिस्टम ( रोग प्रतिरोधक क्षमता) को उन्नत बनाने की शक्ति है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति के अनुसार यह दिन पूरे वर्ष का सबसे लंबा दिन है यानी सूर्योदय से सूर्यास्त होने के बीच के समय का अंतराल सर्वाधिक होता है, इसी दिन से सूर्य की गति दिशा दक्षिणायन होती है और सूर्य की यह दक्षिणायन स्थिति योग के द्वारा आध्यात्मिक विधा प्राप्त करने के लिए सर्वाधिक उपयुक्त मानी गई है। उन्होंने बताया कि 21 जून ग्रीष्म ऋतु की संक्रांति भी कहा जाता है। जिसका विश्व के कई हिस्सों में विशेष महत्व है। साथ ही आध्यात्मिक कार्यों के लिए भी यह दिन विशेष महत्व रखता है विश्वविद्यालय के डॉ. खलील खान ने बताया कि कुलपति ने विश्वविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग के बारे में यह कभी भी मत सोचिए कि योग से क्या मिल सकता है। बल्कि यह सोचिए कि योग के द्वारा हम क्या नहीं प्राप्त कर सकते हैं। डॉक्टर खान ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2021 की थीम के अनुसार विश्वविद्यालय के समस्त अधिकारियों/ वैज्ञानिकों /कर्मचारियों एवं छात्र छात्राओं द्वारा घर पर ही रहकर सातवां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। अंतरराष्ट्रीय योगा दिवस के अवसर पर कुलपति डॉक्टर डी.आर. सिंह के निर्देशानुसार घर पर ही रह कर ऑनलाइन योगा क्लास में छात्र छात्राओं ने सुबह 7:00 बजे से 8:00 बजे तक प्रतिभाग किया। योगा टीचर श्री आशीष कुमार ने बताया कि ऑनलाइन छात्र छात्राओं को सूर्य नमस्कार भी कराया गया। सूक्ष्म व्यायाम, ताड़ासन, शीर्षासन, नटराज आसन, भुजंगासन, शशांक आसन, त्रिकोणासन आदि करवाए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिष्ठाता कृषि संकाय डॉक्टर धर्मराज सिंह द्वारा की गई। उधर गृह विज्ञान महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई 3 की अधिकारी डॉ. रश्मि सिंह ने बताया कि छात्राओं ने आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में सहभागिता की है।
