Breaking News

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कानपुर को दी 47 हजार करोड़ की सौगात, मेट्रो ट्रेन को दिखाई हरी झंडी

कानपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 30 मई 2025 को कानपुर में आयोजित समारोह में 47,573 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान पीएम ने कानपुर मेट्रो के नए भूमिगत खंड को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की मौजूदगी में यह आयोजन चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय के मैदान में हुआ। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के चुन्नीगंज से कानपुर सेंट्रल तक के नए भूमिगत खंड का उद्घाटन किया। इस खंड की लागत 2,120 करोड़ रुपये से अधिक है और इसमें पांच नए भूमिगत स्टेशन चुन्नीगंज, बड़ा चौराहा, नवीन मार्केट, नयागंज और कानपुर सेंट्रल शामिल हैं। यह खंड लाल इमली, जेड स्क्वायर मॉल, ग्रीन पार्क स्टेडियम, परेड ग्राउंड और सोमदत्त प्लाजा जैसे प्रमुख स्थानों को मेट्रो से जोड़ेगा। पीएम ने कहा ‘जो इंफ्रास्ट्रक्चर, जो सुविधाएं जो संसाधन बड़ी-बड़ी मेट्रो सिटीज में होती हैं… वो सब अब अपने कानपुर में भी दिखने लगी हैं।’ वर्तमान में, आईआईटी कानपुर से मोतीझील तक नौ स्टेशन संचालित हैं और यह नया खंड यात्रा को और तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाएगा। 

पीएम मोदी ने कानपुर और आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति को मजबूत करने के लिए कई परियोजनाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने 660 मेगावाट के पनकी थर्मल पावर एक्सटेंशन प्रोजेक्ट (8,300 करोड़ रुपये) और घाटमपुर थर्मल पावर प्रोजेक्ट की तीन 660 मेगावाट इकाइयों (9,330 करोड़ रुपये) का उद्घाटन किया. इसके अलावा 660 मेगावाट के खुर्जा, ओबरा और जवाहरपुर थर्मल पावर प्लांट की इकाइयों का भी शिलान्यास और लोकार्पण हुआ. रेल कनेक्टिविटी को बेहतर करने के लिए, पीएम ने पनकी पावर प्लांट से कल्याणपुर तक दो नए रेलवे ओवर ब्रिज का उद्घाटन किया. जिससे यातायात और लॉजिस्टिक्स में सुधार होगा। 

कानपुर में पीएम मोदी ने कुल 15 मेगा विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. जिनकी लागत 47,573 करोड़ रुपये से अधिक है. इनमें जल प्रबंधन के लिए बिनगवां में 40 एमएलडी की टर्शियरी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (290 करोड़ रुपये) शामिल है जो सीवेज पानी के उपचार और पुन: उपयोग को बढ़ावा देगा। इसके अलावा, डिफेंस कॉरिडोर प्रोजेक्ट के तहत नरवल मोड से प्रयागराज हाईवे को जोड़ने वाली चार-लेन सड़क और गौरिया पाली मार्ग के चौड़ीकरण का शिलान्यास हुआ। पीएम ने विभिन्न योजनाओं पीएम आयुष्मान वय वंदना योजना, राष्ट्रीय आजीविका मिशन और पीएम सूर्या घर मुफ्त बिजली योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और चेक भी वितरित किए। 

कानपुर के इस दौरे से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय के मैदान का निरीक्षण किया और तैयारियों की समीक्षा की।  उन्होंने पार्किंग, पेयजल और स्वच्छता सुविधाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा ‘आज कई और विकास परियोजनाएं जिनकी लागत 47,000 करोड़ रुपये से अधिक है। जिसका उद्घाटन और शिलान्यास हुआ।’ उन्होंने कानपुर और उत्तर प्रदेश की प्रगति के लिए अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। 

About rionews24

Check Also

मुख्यमंत्री योगी ने किया अस्पताल का उद्घाटन, बोले अब हर जिले में मेडिकल कॉलेज

नोएडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-10 में 200 करोड़ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *