पटना। बिहार की राजनीति में रविवार को बड़ा मोड़ आया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के ऐलान के साथ ही उनके बेटे निशांत कुमार ने जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) में औपचारिक प्रवेश कर लिया। पटना स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में निशांत ने सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने उन्हें सदस्यता दिलाई और वरिष्ठ नेता लल्लन सिंह ने पार्टी का गमछा पहनाकर स्वागत किया।
हालांकि कार्यक्रम में नीतीश कुमार मौजूद नहीं रहे, लेकिन पार्टी कार्यालय का माहौल उत्सव जैसा था। जैसे ही निशांत की गाड़ी पहुंची, कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर उनका भव्य स्वागत किया। हाथी, घोड़े और ऊंट लेकर पहुंचे समर्थकों ने माहौल को और भी रंगीन बना दिया। कार्यालय के बाहर गूंजते रहे नारे – “नीतीश कुमार जिंदाबाद” और “बिहार का सीएम कैसा हो, निशांत कुमार जैसा हो”।
सदस्यता लेने के बाद निशांत कुमार ने कहा कि वह एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में पार्टी की सेवा करेंगे। उन्होंने कहा, ‘मेरे पिताजी ने पिछले 20 वर्षों में बिहार के लिए जो काम किए हैं, मैं उन्हें आगे बढ़ाने का प्रयास करूंगा।’ उन्होंने जनता से आशीर्वाद और विश्वास बनाए रखने की अपील की।
निशांत अब तक राजनीति और मीडिया की सुर्खियों से दूर रहे हैं। आध्यात्मिक झुकाव और सादगीपूर्ण जीवन के लिए पहचाने जाने वाले निशांत का जन्म 20 जुलाई 1975 को हुआ। उन्होंने पटना के सेंट कैरेंस स्कूल और मसूरी के मानव भारती इंडिया इंटरनेशनल स्कूल से पढ़ाई की, फिर Birla Institute of Technology से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया।
राजनीतिक गलियारों में अब चर्चा तेज है कि आने वाले समय में निशांत कुमार बिहार सरकार में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। यहां तक कि उन्हें डिप्टी सीएम बनाए जाने की अटकलें भी लगाई जा रही हैं।

