Breaking News

आकाश आनंद का भाजपा पर हमला, बोले 10 साल में यूपी को एक दलित नेता तक नहीं दे सकी पार्टी

आगरा। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ाते हुए आगरा के एत्मादपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया। मॉडल स्कूल मैदान में हुए इस सम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने भाजपा, सपा और कांग्रेस पर तीखे राजनीतिक हमले किए। उन्होंने भाजपा सरकार में दलित नेतृत्व की भागीदारी पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार और दो-दो उपमुख्यमंत्री हैं, लेकिन इनमें कोई भी दलित नहीं है। भाजपा को पिछले 10 वर्षों में उत्तर प्रदेश के लिए एक दलित नेता तक नहीं मिला।

आकाश आनंद ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए उसके पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की राजनीति को दिखावा बताया। उन्होंने कहा कि सपा पीडीए के नाम पर गिरगिट की तरह रंग बदल रही है। कार्यकर्ताओं से ऐसे राजनीतिक दलों को पहचानने की अपील करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि यही लोग संसद में एससी-एसटी एक्ट और पदोन्नति में आरक्षण जैसे मुद्दों पर विरोध की भूमिका में रहे हैं।

बसपा की चुनावी रणनीति का संकेत देते हुए आकाश आनंद ने कहा कि पार्टी आगामी चुनाव शिक्षा और रोजगार जैसे मुद्दों को केंद्र में रखकर लड़ेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और बसपा प्रमुख मायावती को पांचवीं बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने के लक्ष्य के साथ जुटने का आह्वान किया।

सम्मेलन में आकाश आनंद को सुनने के लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे। दूरदराज के क्षेत्रों से भी पार्टी समर्थकों की मौजूदगी रही। भीड़ को देखते हुए आयोजन स्थल पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं के विशेष इंतजाम किए गए थे। मंच संचालन, पेयजल और अनुशासन बनाए रखने के लिए कार्यकर्ताओं की अलग-अलग टीमें तैनात की गई थीं।

About rionews24

Check Also

यूपी में 3.10 लाख आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के मानदेय पर योगी सख्त, बोले- बढ़ा हुआ पैसा समय पर मिलना चाहिए

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में निवेश और औद्योगिक विकास के साथ कर्मचारियों के हितों को लेकर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *