लखनऊ। राजधानी में घर और प्लॉट खरीदने का सपना देख रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की महत्वाकांक्षी वरुण विहार योजना आगामी जून में लॉन्च होने जा रही है। इस योजना को मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत स्वीकृति मिली है और इसे आगरा एक्सप्रेस-वे के पास एक आधुनिक टाउनशिप के रूप में विकसित किया जाएगा।
भूमि अधिग्रहण और निवेश
एलडीए ने अब तक 1300 किसानों से लगभग 330 हेक्टेयर भूमि खरीदी है, जिसके लिए करीब 1160 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। कुल मिलाकर 853 हेक्टेयर भूमि के सहमति पत्र प्राप्त हो चुके हैं। योजना के पहले चरण में कैलाश खण्ड और काशी खण्ड में लगभग 2100 भूखण्डों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण खोला जाएगा।
टाउनशिप का स्वरूप
वरुण विहार योजना के तहत 2270 हेक्टेयर क्षेत्र में एक आधुनिक टाउनशिप विकसित की जाएगी। इसमें सदर और सरोजनीनगर तहसील के कई गांवों की भूमि शामिल होगी, जिनमें भलिया, आदमपुर इन्दवारा, बहरू, जलियामऊ, मदारपुर, इब्राहिमगंज, नकटौरा, गहलवारा, तेजकृष्ण खेड़ा, रेवरी, सकरा और दोना प्रमुख हैं।
अन्य योजनाएं और फैसले
नैमिषनगर योजना को सितंबर 2026 में लॉन्च करने का प्रस्ताव रखा गया है। शहर के प्रमुख क्षेत्रों जैसे 1090 चौराहा, ऐशबाग, हरिहरपुर और जानकीपुरम के पास अतरौली स्थित नगर निगम की जमीन के मुद्रीकरण पर भी चर्चा हुई।
निजी डेवलपर्स की टाउनशिप में सुविधाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए थर्ड पार्टी ऑडिट दिल्ली के स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर से कराया जाएगा। एलडीए की आवासीय योजनाओं में अब तक बने 19,230 फ्लैट्स में से 2,930 की रजिस्ट्री लंबित है, जिन्हें विशेष कैम्प लगाकर पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। वजीर हसन रोड स्थित जर्जर अपार्टमेंट का पुनर्विकास करने का भी निर्णय लिया गया है।

