Breaking News

21 लाख दीपों से जगमगाई काशी, ड्रोन शो और लेजर लाइट ने देव दीपावली को बनाया भव्य

वाराणसी। कार्तिक पूर्णिमा की शाम काशी के गंगा घाट आस्था और रोशनी के अद्भुत संगम के साक्षी बने। सूर्यास्त के साथ ही गंगा के दोनों किनारों पर दीपों की कतारें जगमगाने लगीं। 86 घाटों पर जलाए गए 21 लाख दीपों ने काशी को अलौकिक छटा से भर दिया। गंगा की लहरों पर झिलमिलाते दीपों के प्रतिबिंब, फूलों से सजे घाट, लेजर शो और आसमान में ड्रोन से बनी आकृतियों ने देव दीपावली के उत्सव को यादगार बना दिया। इस नजारे को देखने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचे।

नमो घाट पर पहले दीप के साथ शुरू हुआ आयोजन

देव दीपावली के मुख्य आयोजन की शुरुआत नमो घाट पर सूर्यास्त के समय हुई। प्रदेश के पर्यटन मंत्री ने पहला दीप प्रज्वलित किया। इसके बाद गंगा किनारे स्थित घाटों पर दीपदान का सिलसिला शुरू हो गया। करीब आठ किलोमीटर तक फैले अर्धचंद्राकार घाटों पर रोशनी की लंबी कतारें दिखाई देने लगीं। असि घाट से राजघाट तक गंगा का पूरा किनारा दीपों से सजा नजर आया।

हजारा दीप स्तंभ के प्रज्वलन पर गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे

पंचगंगा घाट पर स्थित ऐतिहासिक हजारा दीप स्तंभ का विधिवत पूजन किया गया। बटुकों ने दीप स्तंभ को प्रज्वलित किया तो घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के जयकारे लगाए। महारानी अहिल्याबाई होल्कर की ओर से स्थापित इस दीप स्तंभ पर जलते दीपों ने आयोजन की पारंपरिक आभा को और बढ़ा दिया। इस बार घाटों पर मिट्टी के दीयों के साथ गोबर से बने दीप भी सजाए गए।

दशाश्वमेध घाट पर 51 हजार दीपों से हुआ दीपदान

दशाश्वमेध घाट पर विशेष फूलों की सजावट की गई। घाट को 21 क्विंटल फूलों से सजाया गया, जबकि 51 हजार दीपों ने पूरे परिसर को रोशन कर दिया। यहां 20 फीट ऊंची अमर जवान ज्योति की प्रतिकृति भी बनाई गई। गंगा आरती के दौरान देश के लिए बलिदान देने वाले जवानों के शौर्य और योगदान को याद किया गया। 21 अर्चकों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां गंगा की आरती की। इस दौरान 42 कन्याओं ने चंवर डुलाकर पूजन में सहभागिता की। घंटा-घड़ियाल, डमरू और शंखनाद से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

2100 ड्रोन ने आसमान में उकेरीं आकर्षक आकृतियां

घाटों पर दीपों की रोशनी के बीच आसमान में भी तकनीक का आकर्षण देखने को मिला। 2100 ड्रोन के जरिए आसमान में अलग-अलग आकृतियां बनाई गईं। राजा चेतसिंह घाट पर लेजर शो का प्रदर्शन हुआ, जबकि गंगा पार ग्रीन फायर क्रैकर्स ने आसमान को रंगीन रोशनी से भर दिया। घाटों पर मौजूद लोगों ने इन दृश्यों को मोबाइल कैमरों में कैद किया।

अलग-अलग घाटों पर दिखीं विविध थीम और संदेश

इस बार काशी के घाटों की सजावट में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सरोकारों और राष्ट्रीय गौरव को भी स्थान दिया गया। अहिल्याबाई घाट पर फूलों के बंदनवार लगाए गए, राजघाट पर दीपों की आकर्षक कतारें सजाई गईं और चौसट्ठी घाट पर दीपों से बनाई गई आकृतियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। राणा महल घाट पर दीपों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया गया, जबकि जैन घाट पर 5100 दीपों से अल्पना बनाकर ‘जियो और जीने दो’ का संदेश प्रस्तुत किया गया।

प्रभु घाट पर सेवन डेज फाउंडेशन की ओर से भारतीय वायुशक्ति, साहस, शौर्य और राष्ट्रीय गौरव को दर्शाती दीप सजावट की गई। यहां रंगोली के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिवंगत माता को श्रद्धांजलि भी दी गई। गंजारी स्टेडियम की आकृति और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी रंगोलियां भी लोगों के आकर्षण का हिस्सा बनीं।

काशी विश्वनाथ धाम से कुंडों तक दीपों की छटा

देव दीपावली का उत्सव केवल गंगा के घाटों तक सीमित नहीं रहा। मंदिरों, कुंडों और तालाबों में भी दीप जलाए गए। काशी विश्वनाथ धाम को फूलों और विद्युत रोशनी से सजाया गया, जबकि ललिता घाट स्थित गंगा द्वार भी दीपों से जगमगाता रहा। महिलाओं ने गंगा जल से घाटों की सीढ़ियों की सफाई कर सिंदूर से पूजन किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के साथ दीपदान किया। साधु-संतों ने भी लोककल्याण की भावना से दीप प्रज्वलित किए।

नावों से पर्यटकों ने देखा दीपों का विहंगम दृश्य

गंगा में सजी-धजी नावों और बजड़ों की आवाजाही देर शाम तक जारी रही। फूलों और गुब्बारों से सजे बजड़ों पर सवार पर्यटकों ने नदी के बीच से घाटों की जगमगाहट का नजारा देखा। पानी पर पड़ती दीपों की परछाइयों ने दृश्य को और मनमोहक बना दिया। हालांकि, कुछ घाटों पर बाढ़ के पानी से जमा सिल्ट के कारण सीढ़ियां संकरी थीं, जिससे श्रद्धालुओं को आवाजाही में थोड़ी परेशानी हुई। इसके बावजूद घाटों पर लोगों की भीड़ बनी रही।

आस्था, परंपरा और आधुनिक तकनीक का संगम बनी देव दीपावली

कार्तिक मास में बलिदानी जवानों की स्मृति में जलाए जाने वाले आकाशदीप भी इस अवसर पर आकर्षण का केंद्र रहे। दीपदान, गंगा आरती, ड्रोन शो, लेजर लाइट और आतिशबाजी ने परंपरा के साथ आधुनिक तकनीक का अनूठा मेल प्रस्तुत किया। काशी की गलियों से लेकर गंगा की लहरों तक उत्सव का माहौल दिखाई दिया। लाखों दीपों से जगमगाते घाटों ने एक बार फिर देव दीपावली को काशी की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान के भव्य उत्सव के रूप में सामने रखा।

About rionews24

Check Also

17वें दिन ‘रामायण’ का बॉक्स ऑफिस पर बड़ा धमाका, ‘धुरंधर 2’ का रिकॉर्ड टूटा; 900 करोड़ क्लब में बनाई जगह

मुंबई। बॉक्स ऑफिस पर रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ का शानदार प्रदर्शन जारी है। रिलीज …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *