गोमती नदी पर निर्माणाधीन पुल का KNIT छात्रों ने किया शैक्षणिक निरीक्षण
rionews24
18 hours ago
समाचार, स्थानीय
115 Views
सुल्तानपुर। कमला नेहरू प्रौद्योगिकी संस्थान (KNIT), सुल्तानपुर के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने बुधवार को गोमती नदी पर निर्माणाधीन पुल का शैक्षणिक भ्रमण किया। साइट विजिट का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा में पढ़ाए गए सिविल इंजीनियरिंग के सिद्धांतों को वास्तविक निर्माण कार्य से जोड़ना और पुल निर्माण की व्यावहारिक तकनीकों का प्रत्यक्ष अनुभव कराना था।
लगभग 10:30 बजे शुरू हुए भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने निर्माण स्थल पर पुल के विभिन्न हिस्सों और निर्माण गतिविधियों का नजदीकी निरीक्षण किया। साइट विजिट का दायित्व प्रो. अनुपम वर्मा ने संभाला। प्रो. रुचिन अग्रवाल ने भी विद्यार्थियों को निर्माण कार्य की तकनीकी जानकारी दी।
पियर, रिइंफोर्समेंट और फॉर्मवर्क की तकनीक समझी
विद्यार्थियों ने नदी क्षेत्र में बनाए जा रहे आरसीसी पियर, पियर के चारों ओर लगाए जा रहे स्टील रिइंफोर्समेंट केज और सर्कुलर स्टील शटरिंग का अध्ययन किया। उन्होंने वर्टिकल स्टील बार और हॉरिजॉन्टल रिंग्स से तैयार किए जा रहे रिइंफोर्समेंट केज की संरचना को समझा।
छात्रों ने नदी के प्रवाह के बीच पियर निर्माण, मिट्टी की खुदाई, कार्यस्थल की तैयारी, भारी मशीनरी एवं क्रेन के उपयोग तथा निर्माण सामग्री के समन्वय को भी देखा। पुराने पुल के समीप नए पुल के निर्माण की प्रक्रिया ने विद्यार्थियों को सीमित स्थान और नदी क्षेत्र में निर्माण से जुड़ी व्यावहारिक चुनौतियों को समझने का अवसर दिया।
निर्माण स्थल पर श्रमिकों को सुरक्षा हेलमेट एवं आवश्यक सुरक्षा सावधानियों के साथ कार्य करते देख विद्यार्थियों ने साइट सेफ्टी और सुरक्षा प्रबंधन के महत्व को भी समझा।
विशेषज्ञों से पूछे सवाल
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को पुल निर्माण के विभिन्न चरणों, संरचनात्मक सुदृढ़ीकरण, फॉर्मवर्क, निर्माण सामग्री, मशीनरी के समन्वय और नदी क्षेत्र में निर्माण की चुनौतियों के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
छात्राओं की सुरक्षा और समन्वय की जिम्मेदारी प्रो. शुभ्रा उपाध्याय को दी गई थी। वहीं प्रो. राम आशीष प्रजापति और प्रो. शिवम श्रीवास्तव ने छात्रों की सुरक्षा एवं समन्वय का दायित्व संभाला। सपोर्टिंग स्टाफ के रूप में श्री विजय वर्मा और रवि पांडेय ने साइट समन्वय एवं छात्र प्रबंधन में सहयोग किया।
संस्थान और उद्योग के बीच संवाद की दिशा में कदम
सिविल इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष डॉ. यू. के. माहेश्वरी ने विद्यार्थियों को सफल एवं ज्ञानवर्धक साइट विजिट के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यावहारिक भ्रमण विद्यार्थियों को वास्तविक निर्माण परिस्थितियों को समझने और उनके तकनीकी ज्ञान को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
साइट विजिट के माध्यम से अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को पुल निर्माण की वास्तविक परिस्थितियों, रिइंफोर्समेंट, फॉर्मवर्क, निर्माण तकनीकों और साइट प्रबंधन का प्रत्यक्ष अनुभव मिला। संस्थान के अनुसार, यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक समझ से जोड़ने के साथ-साथ संस्थान और उद्योग के बीच संवाद को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।