अयोध्या। भारतीय सेना प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी शुक्रवार को निजी दौरे पर अयोध्या पहुंचे। सेना प्रमुख बनने के बाद यह उनका पहला अयोध्या दौरा रहा। इस दौरान उन्होंने हनुमानगढ़ी और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन-पूजन कर देश की सुरक्षा, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।
अयोध्या पहुंचने पर प्रशासनिक और सैन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। सबसे पहले वह हनुमान गढ़ी पहुंचे, जहां उन्होंने संकटमोचन हनुमान जी के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद वह राम मंदिर पहुंचे और रामलला के समक्ष माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर परिसर में सेना प्रमुख का स्वागत मंदिर प्रशासन और सुरक्षा अधिकारियों ने किया। दर्शन के बाद जनरल द्विवेदी ने मंदिर निर्माण कार्य, उसकी स्थापत्य कला और परिसर की व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने परकोटा क्षेत्र में स्थित अन्य मंदिरों का भी अवलोकन किया।
सेना प्रमुख ने मंदिर परिसर में कुछ समय बिताया और वहां की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को करीब से देखा। इस दौरान उनके परिवार के सदस्य भी उनके साथ मौजूद रहे।
अपने दौरे के दौरान जनरल द्विवेदी ने अयोध्या स्थित डोगरा रेजीमेंटल सेंटर का भी भ्रमण किया। यहां सैन्य अधिकारियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। सेना प्रमुख ने रेजीमेंटल सेंटर की गतिविधियों और प्रशिक्षण व्यवस्थाओं की जानकारी भी प्राप्त की।
सेना प्रमुख के दौरे को देखते हुए हनुमानगढ़ी और राम जन्मभूमि परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस, प्रशासन और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां पूरे समय मुस्तैद रहीं। जनरल द्विवेदी के इस दौरे ने रामनगरी की आध्यात्मिक परंपरा और भारतीय सेना की गौरवशाली विरासत के बीच विशेष जुड़ाव का संदेश दिया।

